बिहार में मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण पर 99.11% अनुपालन, अंतिम मतदाता सूची 30 सितंबर को जारी होगी
पटना, संवाददाता।
बिहार में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर चुनाव आयोग ने सोमवार को बड़ी जानकारी दी। आयोग के मुताबिक अब तक 99.11 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने जरूरी दस्तावेज जमा कर दिए हैं। केवल 0.89 प्रतिशत मतदाता ही ऐसे हैं, जिनके दस्तावेज अभी तक प्राप्त नहीं हो सके हैं। 1 सितंबर की तय समयसीमा से पहले ही प्रक्रिया लगभग पूरी होने की संभावना जताई जा रही है।
चुनाव आयोग ने बताया कि प्रतिदिन औसतन 1.64 प्रतिशत दस्तावेज इकट्ठा किए गए हैं। इसमें बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) और स्वयंसेवकों की सक्रिय भूमिका रही है। आयोग ने कहा कि “दस्तावेज संग्रहण का कार्य समय से पूर्व पूरा हो जाएगा, जैसे पहले गणना फार्म का संग्रह किया गया था।”
वर्तमान में जमा किए गए दस्तावेजों का सत्यापन 243 निर्वाचक पंजीकरण पदाधिकारियों (EROs) और 2,976 सहायक निर्वाचक पंजीकरण पदाधिकारियों (AEROs) द्वारा किया जा रहा है। यह प्रक्रिया 24 जून को जारी निर्देशों के अनुसार चल रही है।
7.24 करोड़ मतदाताओं की प्रारंभिक सूची में अब तक मात्र 0.16 प्रतिशत दावे और आपत्तियां दर्ज हुई हैं। इनमें 10 आवेदन बूथ लेवल एजेंटों (BLAs) की ओर से, 1,21,143 आवेदन मतदाताओं की ओर से और कोई भी आवेदन गैर-मतदाताओं से प्राप्त नहीं हुआ है।
इसके साथ ही 3,28,847 नए युवा मतदाताओं ने भी पंजीकरण कराया है। इनमें वे शामिल हैं, जिन्होंने 1 जुलाई तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है या 1 अक्टूबर तक पूरी कर लेंगे। उन्होंने फॉर्म-6 भरकर आवश्यक घोषणाओं के साथ आवेदन प्रस्तुत किए हैं।
आयोग ने स्पष्ट किया कि सभी दावों और आपत्तियों का निस्तारण तथा दस्तावेजों का सत्यापन 25 सितंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद 30 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी जाएगी।