राहुल गांधी का वार : “चुनाव आयोग बना इलेक्शन ओमिशन

अररिया, संवाददाता।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को अररिया की जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में चल रही स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया गरीबों और वंचित तबकों का वोट छीनने की साजिश है।

राहुल गांधी ने कहा कि जिस तरह सरकार ने सार्वजनिक उपक्रमों का निजीकरण कर रोजगार के अवसर खत्म किए, अब उसी तरह चुनावी अधिकारों को भी छीनने की कोशिश हो रही है। उन्होंने चुनाव आयोग पर भी सवाल खड़े किए और व्यंग्य करते हुए कहा कि यह अब “इलेक्शन कमीशन नहीं बल्कि इलेक्शन ओमिशन बन गया है।”

राहुल ने कहा, “संविधान सभी नागरिकों को समान अधिकार देता है, लेकिन यह SIR प्रक्रिया संविधान के खिलाफ है। भाजपा और उसके सहयोगी दल बिहार विधानसभा चुनाव से पहले गरीबों और कमजोर वर्गों की आवाज दबाना चाहते हैं। लेकिन बिहार की जनता इस साजिश का करारा जवाब देगी।”

उन्होंने स्पष्ट किया कि INDIA गठबंधन इस लड़ाई में मजबूती से डटा है और किसी भी कीमत पर लोकतांत्रिक अधिकारों से समझौता नहीं होने देगा।

‘वोटर अधिकार यात्रा’ से जनजागरण

राहुल गांधी इस समय ‘वोटर अधिकार यात्रा’ पर हैं, जो 17 अगस्त को सासाराम से शुरू हुई थी। 1,300 किमी की यह यात्रा 20 से अधिक जिलों से होकर गुजरेगी और 1 सितंबर को पटना में विशाल जनसभा के साथ इसका समापन होगा।

सभा में राहुल गांधी ने युवाओं और बेरोजगारी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने रोजगार के दरवाजे बंद कर दिए हैं, जिससे युवा वर्ग हताश और परेशान है। “लोकतंत्र पर चोट और युवाओं का भविष्य अंधेरे में डालना – यही भाजपा का मॉडल है,” उन्होंने कहा।


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *