बिहार में लाइब्रेरियन बहाली को लेकर पटना में महाआंदोलन, छात्रों ने दी बिहार बंद की चेतावनी

पटना, संवाददाता।
बिहार में पिछले 18 वर्षों से लंबित लाइब्रेरियन बहाली प्रक्रिया को लेकर रविवार को पटना में राज्य स्तरीय महाआंदोलन का आयोजन किया गया। यह प्रदर्शन ऑल बिहार ट्रेड लाइब्रेरियन एसोसिएशन के बैनर तले हुआ, जिसमें प्रदेश के कोने-कोने से हजारों की संख्या में लाइब्रेरी साइंस के छात्र पहुंचे।

आंदोलन की शुरुआत पटना विश्वविद्यालय सेंट्रल लाइब्रेरी से हुई और कारगिल चौक तक जुलूस निकाला गया। इस दौरान पुलिस प्रशासन से छात्रों की तीखी नोकझोंक भी हुई और तकरीबन दो घंटे तक कारगिल चौक जाम रहा। बाद में प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद आंदोलनकारियों के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक अजय यादव से मुलाकात की और उन्हें मांग पत्र सौंपा। अधिकारियों ने 10 दिनों के भीतर पुनः वार्ता का आश्वासन दिया।

लाइब्रेरियन एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष विकास चंद्र सिंह और जिला प्रभारी सौरभ सुमन ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि, “बिहार में करीब 5 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं लाइब्रेरियन बहाली की राह देख रहे हैं। अधिकांश उम्मीदवारों की आयुसीमा समाप्त होने की कगार पर है, लेकिन शिक्षा विभाग हर बार विधानसभा में सिर्फ आश्वासन देकर छात्रों को गुमराह करता है।”

उन्होंने कहा कि 2008 की नियमावली में स्पष्ट है कि जहां भी 500 से अधिक पुस्तकें होंगी, वहां लाइब्रेरियन की नियुक्ति अनिवार्य है। इसके बावजूद विभाग अब तक बहाली की प्रक्रिया शुरू करने में टालमटोल कर रहा है। आंदोलनकारियों ने मांग की कि प्रदेश के 6421 उच्च विद्यालयों, विश्वविद्यालयों, पॉलिटेक्निक और इंजीनियरिंग कॉलेजों में लगभग 10 हजार रिक्त पदों पर जल्द से जल्द बहाली की जाए।

प्रदर्शन के दौरान LET परीक्षा नहीं तो वोट नहीं के नारे गूंजे। एसोसिएशन के जिला सचिव प्रणव कुमार ने चेतावनी दी कि यदि सरकार आगामी दिनों में बीपीएससी के माध्यम से बहाली प्रक्रिया प्रारंभ नहीं करती है तो लाइब्रेरी साइंस छात्र बिहार बंद का ऐलान करेंगे।

आंदोलन को प्लेटफॉर्म कोचिंग के संचालक नवीन कुमार सिंह और शिक्षक अभिमन्यु जी सहित कई शिक्षा विशेषज्ञों का समर्थन भी मिला। आंदोलनकारियों ने साफ कहा कि यदि सरकार ने चुनाव से पहले बहाली पूरी नहीं की तो सत्ता पक्ष को 5 लाख से अधिक वोटों का नुकसान उठाना पड़ सकता है।


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *