अफगानिस्तान में भूकंप का कहर: 800 से अधिक की मौत, हजारों घायल
काबुल।
अफगानिस्तान के पूर्वी इलाक़ों में रविवार देर रात आए भीषण भूकंप ने भारी तबाही मचाई। 6.0 तीव्रता वाले इस भूकंप में अब तक 800 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि तीन हज़ार से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों की संख्या लगातार बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
भूकंप से प्रभावित इलाक़ों में घरों के मलबे तले दर्जनों परिवार दब गए। राहत और बचाव टीमें दूर-दराज़ के पहाड़ी क्षेत्रों में पहुँचने की कोशिश कर रही हैं। कई गाँव पूरी तरह से ध्वस्त हो गए हैं। काबुल स्थित अधिकारियों के अनुसार, अस्पतालों में घायलों की भीड़ उमड़ पड़ी है और स्वास्थ्य सेवाएँ बुरी तरह चरमरा गई हैं।
एक वरिष्ठ तालिबान अधिकारी ने स्थिति को “भीषण त्रासदी” बताते हुए तत्काल मानवीय व चिकित्सकीय सहायता की गुहार लगाई है। अभी तक किसी भी विदेशी सरकार की ओर से सहायता पहुँचने की पुष्टि नहीं हुई है।
कुनर प्रांत में सबसे अधिक तबाही देखने को मिली है। वहाँ तीन गाँव पूरी तरह तबाह हो गए और दर्जनों इमारतें ध्वस्त हो गईं। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, केवल एक गाँव में ही 30 लोगों की जान चली गई। वहीं, सीमावर्ती पाकिस्तान के ख़ैबर पख़्तूनख्वा क्षेत्र तक भी झटके महसूस किए गए।
भूकंप के झटके इतने तेज़ थे कि लोग आधी रात में अपने घरों से बाहर निकल आए। प्रभावित इलाक़ों में सड़कों के बंद होने से राहत कार्य में भारी मुश्किलें आ रही हैं। हेलीकॉप्टरों और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पतालों तक पहुँचाया जा रहा है।
गौरतलब है कि पिछले साल भी पश्चिमी अफगानिस्तान में आए भूकंपों की श्रृंखला में हज़ार से अधिक लोगों की मौत हुई थी। बार-बार आने वाली ऐसी प्राकृतिक आपदाएँ दुनिया के सबसे ग़रीब देशों में शुमार अफगानिस्तान के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही हैं।