आंध्र प्रदेश में बनेगा देश का पहला एआई विश्वविद्यालय, मंत्री नारा लोकेश ने किया ऐलान

आंध्र प्रदेश सरकार ने शिक्षा क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए देश का पहला आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) विश्वविद्यालय स्थापित करने की घोषणा की है। यह घोषणा राज्य के शिक्षा, सूचना प्रौद्योगिकी और इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री नारा लोकेश ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान की।

लोकेश ने बताया कि राज्य सरकार एआई शिक्षा को विद्यालय स्तर से ही लागू करने जा रही है। इसके तहत सरकारी स्कूलों में एआई और रोबोटिक्स लैब्स की स्थापना की जा रही है, ताकि छात्र भविष्य की तकनीक से जुड़ सकें।

उन्होंने यह घोषणा क्वींसलैंड ट्रेड एंड इन्वेस्टमेंट द्वारा आयोजित एजुकेशन राउंडटेबल में की, जहां ऑस्ट्रेलिया के विश्वविद्यालयों और शिक्षा विशेषज्ञों के साथ आंध्र प्रदेश की नई शिक्षा नीतियों पर चर्चा हुई। मंत्री ने बताया कि राज्य शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में भी एआई को एकीकृत किया है, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार हुआ है।

ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान नारा लोकेश ने ग्रिफिथ यूनिवर्सिटी की उपाध्यक्ष मार्नी वॉटसन से मुलाकात की और विश्वविद्यालय के अत्याधुनिक खेल परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आंध्र प्रदेश में ‘ग्रिफिथ यूनिवर्सिटी इंडिया सेंटर’ स्थापित करने का प्रस्ताव दिया, जो छात्र विनिमय, संयुक्त शोध और शैक्षणिक सहयोग को बढ़ावा देगा।

मंत्री ने आंध्र प्रदेश स्टेट स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (APSSDC), एसआरएम-एपी, आंध्र विश्वविद्यालय और वीआईटी-एपी जैसे संस्थानों को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर की डुअल डिग्री और स्किल सर्टिफिकेशन कार्यक्रमों के लिए साझेदारी करने का आमंत्रण दिया। उन्होंने ग्रिफिथ यूनिवर्सिटी को आगामी पार्टनरशिप समिट 2025 और एपी ग्लोबल एजुकेशन फोरम में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया।

लोकेश ने ब्रिसबेन में आयोजित बिजनेस राउंडटेबल में हिस्सा लिया, जिसे भारत के महावाणिज्य दूतावास और ऑस्ट्रेलिया-इंडिया बिजनेस काउंसिल (AIBC) ने आयोजित किया था। इस बैठक में उन्होंने मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व में आंध्र प्रदेश के विकास मॉडल की चर्चा की और बताया कि बीते 16 महीनों में राज्य में ₹10 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव आए हैं, जिनमें गूगल और आर्सेलर मित्तल जैसी कंपनियों के बड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं।

उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई निवेशकों को भी आंध्र प्रदेश के उद्योग-हितैषी माहौल से परिचित होने और विशाखापट्टनम में होने वाले पार्टनरशिप समिट 2025 में भाग लेने का निमंत्रण दिया।

इस दौरान मंत्री ने जेम्स कुक यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर कैल ज़ेंगर से मुलाकात की और मत्स्य पालन अनुसंधान में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की। साथ ही, उन्होंने पॉपुलस कंपनी के शीर्ष प्रतिनिधियों से भी भेंट की, जो लंदन के ओलंपिक स्टेडियम और अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम जैसे विश्वप्रसिद्ध खेल स्थलों की डिजाइन कर चुकी है। मंत्री ने उन्हें आंध्र प्रदेश की स्पोर्ट्स हब विजन परियोजना से जुड़ने का प्रस्ताव दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *