अरुण जेटली जयंती: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दी श्रद्धांजलि, पटना में राजकीय समारोह आयोजित

पटना, संवाददाता
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं प्रख्यात राजनेता स्वर्गीय अरुण जेटली की जयंती के अवसर पर राजधानी पटना में राजकीय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके योगदान को स्मरण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अरुण जेटली भारतीय राजनीति के ऐसे नेता थे, जिन्होंने संसदीय परंपराओं को नई ऊंचाई दी। उनका राजनीतिक जीवन राष्ट्रहित, लोकतांत्रिक मूल्यों और विचारों की दृढ़ता का प्रतीक रहा।

श्रद्धांजलि समारोह में राज्य सरकार के कई मंत्री, सांसद, विधायक, पूर्व जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने स्वर्गीय जेटली के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। नेताओं ने कहा कि आर्थिक सुधारों, कानून और संसदीय विमर्श में अरुण जेटली का योगदान देश हमेशा याद रखेगा।

कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक वातावरण भी देखने को मिला। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने पारंपरिक आरती, बिहार गीत और देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर समारोह को गरिमामय बनाया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों की भी सहभागिता रही। कार्यक्रम का समापन अरुण जेटली के आदर्शों को अपनाने और उनके बताए मार्ग पर चलने के संकल्प के साथ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *