मुंगेर में शराब तस्करी पर कार्रवाई के दौरान पुलिस पर हमला, जवान घायल; हथियार लूटकर फरार हुए उपद्रवी

मुंगेर :
बिहार के मुंगेर जिले में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प हो गई। तस्कर को पकड़ने पहुंची क्यूआरटी टीम पर गांव वालों ने हमला कर दिया, जिसमें एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावर घायल जवान का पिस्टल और मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

यह घटना हसनपुर थाना क्षेत्र के नयारामनगर अंतर्गत पाटम पूर्व पंचायत के कन्हैयाचक गांव की बताई जा रही है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बाइक से अवैध शराब की खेप लेकर जा रहा है। सूचना के आधार पर क्यूआरटी टीम ने तीन बाइकों पर सवार होकर संदिग्ध का पीछा किया और गांव के पास उसे पकड़ लिया। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान वार्ड नंबर एक के वार्ड सदस्य मनीष कुमार के रूप में की गई है।

आरोपी की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही गांव के कई लोग मौके पर जमा हो गए और उसे छुड़ाने की कोशिश करने लगे। देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान सिपाही सोनू कुमार को गंभीर चोटें आईं। हमलावरों ने पुलिस की एक बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे पुलिस को अपनी जान बचाने के लिए पीछे हटना पड़ा।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद के निर्देश पर सदर एसडीपीओ अभिषेक आनंद के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के इलाकों और खेतों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, हालांकि लूटा गया हथियार अब तक बरामद नहीं हो सका है। पुलिस ने कुछ संदिग्ध महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

फिलहाल गांव में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमले में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *