चेन्नई, तिरुवल्लुर
शुक्रवार को तिरुवल्लुर जिले के कवारा पेट्टई रेलवे स्टेशन के पास मैसूर से दरभंगा जा रही बागमती एक्सप्रेस (12578) की एक मालगाड़ी से भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे के बाद ट्रेन के तीन डिब्बों में आग लगने की खबर है, जबकि छह डिब्बे पटरी से उतर गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मालगाड़ी रेलवे स्टेशन के पास खड़ी थी, जब तेज गति से आ रही बागमती एक्सप्रेस उससे टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आसपास अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, राहत की बात यह है कि इस घटना में अब तक किसी की जान जाने की सूचना नहीं मिली है, लेकिन कई यात्री घायल हो गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए बचाव अभियान शुरू कर दिया। मौके पर दमकल की गाड़ियां, एंबुलेंस और पुलिस बल तैनात किए गए हैं। जिला प्रशासन ने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है और स्थिति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
रेलवे अधिकारियों ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है, और रेल यातायात को बहाल करने के प्रयास भी जारी हैं।