त्रिची, तमिलनाडु

त्रिची एयरपोर्ट से शुक्रवार रात को एक बड़ा हादसा टल गया जब शारजाह जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AXB613 की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। हाइड्रोलिक सिस्टम में खराबी के कारण विमान को सुरक्षित उतारा गया, जिससे विमान में सवार 140 यात्रियों की जान बच गई।

विमान ने शाम 5:40 बजे त्रिची से उड़ान भरी थी, लेकिन कुछ देर बाद ही हाइड्रोलिक सिस्टम में खराबी की सूचना पायलट को मिली। इस तकनीकी खराबी के चलते विमान को आसमान में करीब तीन घंटे तक चक्कर लगाना पड़ा, जिससे विमान का ईंधन कम हो सके। आखिरकार, रात 8:14 बजे पायलट की सूझबूझ और एयर ट्रैफिक कंट्रोल के सहयोग से फ्लाइट की सफलतापूर्वक लैंडिंग कराई गई।

जैसे ही विमान में तकनीकी खराबी की खबर सामने आई, त्रिची एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया। फायर ब्रिगेड और दो दर्जन से अधिक एंबुलेंस मौके पर तैनात कर दी गईं। एयरपोर्ट के अधिकारियों ने भी राहत कार्य के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली थीं।

त्रिची के जिला कलेक्टर ने पहले ही यात्रियों के परिजनों को आश्वस्त किया था कि स्थिति नियंत्रण में है और किसी भी प्रकार की चिंता की आवश्यकता नहीं है। लैंडिंग के बाद विमान में सवार सभी यात्रियों ने राहत की सांस ली और पायलट व ग्राउंड स्टाफ की सराहना की।

इस घटना ने यात्रियों के परिजनों के बीच थोड़ी देर के लिए चिंता का माहौल बना दिया था, लेकिन जैसे ही सुरक्षित लैंडिंग की खबर मिली, सभी के चेहरे पर खुशी लौट आई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *