बसंत उत्सव 2026 में झलकी संस्कृति, शौर्य और राष्ट्रभक्ति की रंगारंग छटा

सिमराही (सुपौल):
सिमराही नगर पंचायत स्थित एस. आर. शिक्षा सम्राट स्कूल का वार्षिक महोत्सव “बसंत उत्सव 2026” पूरे उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ विद्यालय के चेयरमैन महादेव मेहता, प्रबंध निदेशिका अल्पना मेहता, अकादमिक निदेशक राजा रवि, प्रशासनिक निदेशक सह प्राचार्य किसलय रवि एवं विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा किया गया।

महोत्सव के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने लोक संस्कृति, राष्ट्रीय एकता, सैनिकों के शौर्य, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत तथा पौराणिक इतिहास पर आधारित विविध रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की सशक्त अभिनय क्षमता, भाव-भंगिमा और मंचीय आत्मविश्वास ने दर्शकों का मन मोह लिया।

मिथिलांचल के प्रसिद्ध लोक नृत्य झिझिया और सामा-चकेवा के मंचन को दर्शकों ने खूब सराहा। बिहार पर केंद्रित विशेष प्रस्तुति के माध्यम से राज्य के गौरवशाली इतिहास और समृद्ध परंपराओं का जीवंत चित्रण किया गया। वहीं रावण वध और शिव तांडव की रोमांचकारी प्रस्तुति ने पूरे सभागार को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों ने भारत के विभिन्न लोकनृत्यों के साथ-साथ शास्त्रीय नृत्य की अनेक शैलियों को भी प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

सैनिकों के शौर्य और शहादत पर आधारित मंचन तथा ऑपरेशन सिंदूर को समर्पित माइम एक्ट ने दर्शकों के भीतर राष्ट्रभक्ति की भावना को और प्रबल किया। इसके अलावा फास्ट फूड के बढ़ते दुष्प्रभावों और स्वास्थ्यवर्धक पौष्टिक आहार के महत्व को बच्चों ने अपने अभिनय के माध्यम से प्रभावी संदेश के रूप में प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन महादेव मेहता एवं प्रबंध निदेशिका अल्पना मेहता ने छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चे ही देश का भविष्य हैं और वही आने वाले समय में समाज एवं राष्ट्र को नई दिशा देंगे। अकादमिक निदेशक राजा रवि ने विद्यालय की 25 वर्षों की शैक्षणिक यात्रा में सहयोग देने वाले सभी अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रशासनिक निदेशक सह प्राचार्य किसलय रवि ने विद्यालय की उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं और भविष्य की कार्ययोजनाओं की जानकारी अभिभावकों को दी तथा कार्यक्रम की सफलता में सहयोग करने वाले सभी व्यक्तियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम में बच्चों के माता-पिता एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन की सफलता में रणजीत लामा, कृष्ण गुप्ता, अर्जुन कुमार, रमेश मुखिया, आनंद मोहन, पप्पू मेहता, सुमन झा, शंकर यादव सहित अन्य सहयोगियों की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *