भारत-जापान आर्थिक मंच : पीएम मोदी बोले- “भारत में पूंजी सिर्फ बढ़ती नहीं, कई गुना बढ़ती है”

टोक्यो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को टोक्यो में आयोजित भारत-जापान आर्थिक मंच को संबोधित करते हुए कहा कि आज भारत दुनिया की सबसे तेज़ी से विकसित हो रही बड़ी अर्थव्यवस्था है और यहां निवेश केवल सुरक्षित नहीं बल्कि कई गुना बढ़ता है। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि “भारत में पूंजी सिर्फ बढ़ती नहीं, बल्कि गुणात्मक रूप से बढ़ती है।”

मोदी ने जापान एक्सटर्नल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (JETRO) के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि भारत में काम कर रही 80 प्रतिशत जापानी कंपनियां विस्तार की योजना बना रही हैं और 75 प्रतिशत पहले से ही लाभ में हैं। उन्होंने कहा कि यह विश्वास भारत की पारदर्शी नीतियों, राजनीतिक स्थिरता और लगातार हो रहे आर्थिक सुधारों का परिणाम है।

प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत ‘सुधार, प्रदर्शन और रूपांतरण’ की नीति पर काम कर रहा है। उन्होंने 2017 में लागू वन नेशन, वन टैक्स (जीएसटी) को बड़ी उपलब्धि बताया और कहा कि व्यापार को आसान बनाने के लिए एकल खिड़की प्रणाली लागू की जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि भारत तीसरी सबसे बड़ी वैश्विक अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। मजबूत बैंकिंग प्रणाली, नियंत्रित महंगाई, कम ब्याज दर और लगभग 700 अरब डॉलर के विदेशी मुद्रा भंडार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यही भारत की आर्थिक ताकत है।

भारत-जापान संबंधों पर बोलते हुए मोदी ने कहा कि टोक्यो हमेशा भारत के विकास यात्रा का अभिन्न सहयोगी रहा है। जापानी कंपनियों ने अब तक भारत में 40 अरब डॉलर से अधिक का निवेश किया है और पिछले दो वर्षों में ही करीब 13 अरब डॉलर का नया निजी निवेश हुआ है।

यह दौरा प्रधानमंत्री मोदी की सात साल बाद जापान की पहली स्वतंत्र आधिकारिक यात्रा है। वह यहां 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे हैं। जापानी प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा के निमंत्रण पर हुए इस दौरे का उद्देश्य द्विपक्षीय साझेदारी को और मजबूत करना तथा मौजूदा भू-राजनीतिक और भू-आर्थिक हालात पर गहन विमर्श करना है।

शिखर वार्ता के बाद प्रधानमंत्री मोदी चीन के तियानजिन रवाना होंगे, जहां वह 31 अगस्त से 1 सितंबर तक शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *