भारतीय तेजस विमान दुर्घटनाग्रस्त, पायलट की मौत
दुबई/नई दिल्ली। दुबई एयर शो में शुक्रवार दोपहर भारतीय हल्के लड़ाकू विमान तेजस एक प्रदर्शन उड़ान के दौरान हादसे का शिकार हो गया, जिसमें पायलट की दुखद मौत हो गई। यह दुर्घटना स्थानीय समयानुसार लगभग 2:10 बजे अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट के ऊपर हुई, जहाँ बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद थे।
हादसे के तुरंत बाद रनवे क्षेत्र में घना काला धुआँ उठता दिखाई दिया और एयरपोर्ट पर आपातकालीन अलार्म बज उठा। मौके पर मौजूद लोगों के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिनमें विमान को अचानक नीचे गिरते और फिर जमीन से टकराकर आग की लपटों में घिरते हुए देखा जा सकता है।
भारतीय वायुसेना की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया,
“दुबई एयर शो के दौरान भारतीय वायुसेना के तेजस विमान का दुर्घटनाग्रस्त होना अत्यंत दुखद है। इस हादसे में पायलट की मौत से हम गहरा शोक व्यक्त करते हैं और शोकाकुल परिवार के साथ खड़े हैं।”
वायुसेना ने साथ ही यह भी बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी गठित कर दी गई है।