नीतीश कुमार पर अशोभनीय इशारे करने का आरोप, राबड़ी देवी और तेजस्वी ने किया हमला

पटना। प्रतिनिधि – बिहार विधानसभा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के व्यवहार को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। राजद की वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने बुधवार को नीतीश कुमार पर अशोभनीय इशारे करने और महिलाओं के प्रति अपमानजनक व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगाया।

राबड़ी देवी ने कहा, “नीतीश कुमार भांग खाकर विधानसभा आते हैं। वह महिलाओं का सम्मान नहीं करते, मुझे भी नहीं। उन्हें यह सोचना चाहिए कि जब हम सत्ता में थे, तब हमने क्या काम किया।”

विधानसभा वीडियो जारी करने की मांग

राबड़ी देवी के इन आरोपों के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सदन में बार-बार अनुचित इशारे करते हैं, खासकर महिलाओं की ओर।

तेजस्वी ने कहा, “हम अब नीतीश जी के लिए दया और सहानुभूति महसूस कर रहे हैं। उनकी हरकतें और बयान बताते हैं कि उनकी स्थिति ठीक नहीं है। जब वे विधानसभा में बैठते हैं, तो अजीब इशारे करते हैं। यदि कोई महिला बिंदी लगाती है, तो वे उस पर भी प्रतिक्रिया देते हैं। हम विधानसभा की वीडियो फुटेज जारी करने की मांग करते हैं।”

पुरानी बयानबाजी से गरमाई राजनीति

इससे पहले, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी पर विवादास्पद टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था, “जब इनके पति डूब गए तो पत्नी को मुख्यमंत्री बना दिया।”

इस बयान के बाद से राजद खेमे में भारी आक्रोश है। तेजस्वी यादव ने इस टिप्पणी को शर्मनाक बताया और कहा कि यह महिला विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।

पुराने दौर की याद दिलाई

नीतीश कुमार ने सदन में बोलते हुए दावा किया था कि उन्होंने ही लालू प्रसाद यादव को राजनीति में बड़ा बनाया। उन्होंने कहा, “बिहार पहले कैसा था? मैंने ही तुम्हारे पिता को बनाया। तुम्हारे समाज के लोग भी पूछते थे कि मैं उनका समर्थन क्यों कर रहा हूं, लेकिन मैंने किया।”

बिहार की राजनीति में यह मुद्दा अब तूल पकड़ चुका है। विपक्ष ने मुख्यमंत्री के बयान और इशारों को लेकर उनके खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है, वहीं जदयू और भाजपा ने अब तक इस मामले पर सफाई नहीं दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *