बिहार में हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर को नई रफ्तार, मुंगेर से स्वास्थ्य मंत्री ने किया 11 वेलनेस सेंटरों का शिलान्यास
— 4.71 करोड़ की लागत से शुरू होगा निर्माण, मंत्री ने गिनाईं स्वास्थ्य उपलब्धियां

मुंगेर, 6  जून | 
बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत आधार देने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय ने बुधवार को मुंगेर के सदर अस्पताल परिसर में आयोजित समारोह में 11 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों का शिलान्यास किया। यह निर्माण कार्य कुल 4.71 करोड़ रुपये की लागत से संपन्न होगा।

इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आज बिहार की स्वास्थ्य सेवाएं एक निर्णायक बदलाव के दौर से गुजर रही हैं। उन्होंने 2005 के पहले की स्थिति को याद करते हुए कहा कि उस दौर में स्वास्थ्य व्यवस्था जर्जर थी, लेकिन वर्तमान सरकार के कार्यकाल में राज्य के हर जिले में अस्पतालों की सुविधाएं न केवल सुदृढ़ हुई हैं, बल्कि पंचायत स्तर तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित की जा रही है।

मंगल पांडेय ने बताया कि कोरोना महामारी के बाद अस्पतालों में बिस्तरों की संख्या में वृद्धि की गई है। साथ ही, केंद्र और राज्य सरकार के निर्देशानुसार पंचायत स्तर पर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण इलाकों में भी सस्ती और सुलभ चिकित्सा सेवा पहुंचाई जा सके।

उन्होंने गर्व के साथ बताया कि बिहार देश का पहला राज्य है जिसने 9 से 14 वर्ष की बच्चियों को गर्भाशय मुख कैंसर से बचाने के लिए वैक्सीन देना शुरू किया। साथ ही ‘बाल हृदय योजना’ के तहत बच्चों के दिल में छेद जैसी जटिल बीमारियों का मुफ्त इलाज भी राज्य सरकार करवा रही है।

मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग में हो रही नियुक्तियों की जानकारी देते हुए बताया कि पहली बार 7468 एएनएम की बहाली की गई है। इसके अतिरिक्त जीएनएम, पैरामेडिकल स्टाफ और डॉक्टरों की बहाली की प्रक्रिया भी तेज गति से चल रही है ताकि अस्पतालों में मानव संसाधनों की कमी को दूर किया जा सके।

कार्यक्रम में मुंगेर विधायक, तारापुर विधायक, सदर अस्पताल के अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *