बिहार में कानून व्यवस्था पर उठे सवाल
पटना में व्यापारी गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या,
पटना, संवाददाता।
राजधानी पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात राज्य के प्रतिष्ठित व्यापारी गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना टाउन थाना क्षेत्र के ट्विन टावर के समीप होटल पनाश के पास की है, जहां हमलावर ने बेहद नजदीक से उन्हें गोली मारी और मौके से फरार हो गया। खेमका की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना ने राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और राजनीतिक गलियारों में तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रात करीब 11 बजे गोपाल खेमका किसी कार्य से बाहर निकले थे। इसी दौरान हमलावर पहले से घात लगाकर बैठा था। हत्या के बाद मौके से एक कारतूस और गोली का खोखा बरामद किया गया है। घटनास्थल पुलिस चौकी से कुछ ही कदम की दूरी पर है, इसके बावजूद अपराधी फरार हो गया।
बेटे के बाद पिता की हत्या, पुलिस के दावे पर उठे सवाल
गौरतलब है कि 7 साल पहले गोपाल खेमका के बेटे, गुंजन खेमका की भी हत्या कर दी गई थी। उस वक्त भी यह मामला खूब चर्चा में रहा था और अब पिता की हत्या ने पूरे प्रकरण को और भयावह बना दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिहार पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया है।
सिटी एसपी ने कहा – जांच जारी, CCTV फुटेज खंगाला जा रहा
सिटी एसपी सेंट्रल दीक्षा ने बताया, “हमें रात में गांधी मैदान साउथ क्षेत्र से व्यापारी गोपाल खेमका की गोली लगने से मौत की सूचना मिली। तत्काल पुलिस टीम मौके पर और अस्पताल पहुंची। इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। आसपास के CCTV फुटेज को खंगाला जा रहा है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।”
नेताओं का हमला – सरकार अपराधियों की साझेदार
घटना के बाद राजनीतिक हलकों में भी उबाल देखा गया। पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव घटनास्थल पर सबसे पहले पहुंचने वालों में शामिल थे। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर लिखा, “बिहार अब अपराधियों की सुरक्षित शरणस्थली बन चुका है! नीतीश जी, अब तो बिहार को बख्श दीजिए।”
पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि यदि सरकार ने गुंजन खेमका हत्याकांड में कड़ी कार्रवाई की होती तो गोपाल खेमका आज जीवित होते। उन्होंने कहा, “सरकार उस वक्त अपराधियों की साझेदार बन गई थी, तभी तो आज यह दुस्साहस हुआ।”
तेजस्वी यादव का तंज – यह जंगलराज नहीं तो क्या है?
राजद नेता तेजस्वी यादव ने भी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “पटना के बीचोबीच, पुलिस स्टेशन से कुछ कदम दूर एक बड़े व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। क्या यह जंगलराज नहीं है? सैकड़ों व्यापारियों की हत्या हर महीने हो रही है, लेकिन सत्ता पक्ष इसे मीडिया और इमेज मैनेजमेंट से ढक रहा है।”