मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे नियुक्ति पत्र वितरण, बिहार पुलिस में बढ़ेगा विविधता का दायरा

पटना

आज का दिन बिहार पुलिस के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ने जा रहा है, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 1239 नव नियुक्त पुलिस अवर निरीक्षकों (दारोगा) को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन पटना के बापू सभागार में किया गया है, जहां मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा भी मौजूद रहेंगे।

इस नियुक्ति प्रक्रिया की खास बात यह है कि पहली बार बिहार में तीन ट्रांसजेंडर दारोगाओं को भी नियुक्ति पत्र दिया जाएगा। इनमें एक ट्रांसवुमेन मानवी मधु कश्यप और दो ट्रांसमेन रोनित झा और बंटी कुमार शामिल हैं। बिहार देश का पहला राज्य बन गया है, जिसने ट्रांसजेंडर समुदाय को पुलिस सेवा में शामिल कर उन्हें समान अवसर प्रदान किया है।

गृह विभाग और पुलिस मुख्यालय की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में डीजीपी आलोक राज और गृह विभाग के प्रधान सचिव अरविंद कुमार चौधरी भी उपस्थित रहेंगे। यह नियुक्ति राज्य सरकार की ओर से पुलिस सेवाओं में समावेशिता और लैंगिक समानता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

राज्य में फिलहाल करीब 75 हजार कांस्टेबल और 30 हजार एसआई और एएसआई सेवाएं दे रहे हैं, जबकि लगभग 1000 डीएसपी कानून व्यवस्था संभाल रहे हैं। बिहार पुलिस में महिला कर्मियों की संख्या भी सबसे अधिक है, जिनमें लगभग 30 हजार महिलाएं पुलिस महकमे में अपनी सेवा दे रही हैं।

उल्लेखनीय है कि 2021 में पटना उच्च न्यायालय के फैसले के बाद बिहार सरकार ने पुलिस सेवाओं में तीसरे लिंग की भर्ती का रास्ता साफ किया था। इसी के तहत बीपीएसएससी द्वारा आयोजित परीक्षा में 1275 उम्मीदवारों में 822 पुरुष, 450 महिलाएं और तीन ट्रांसजेंडर चयनित हुए थे। यह नियुक्ति प्रक्रिया राज्य में पुलिस सेवाओं में एक नई सामाजिक दृष्टिकोण और समावेशिता की मिसाल बनेगी।

आज का यह कार्यक्रम न केवल राज्य के पुलिस तंत्र को मजबूत करेगा बल्कि समाज में समानता और समावेशिता का संदेश भी प्रसारित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *