भाजपा प्रदेश कार्यसमिति विस्तार पर संजय खंडेलिया ने दी शुभकामनाएं, कहा— संगठन को नई ऊर्जा और दिशा देगा यह निर्णय
पटना। भारतीय जनता पार्टी बिहार प्रदेश की कार्यसमिति के विस्तार पर प्रदेश उपाध्यक्ष एवं यूथ फाउंडेशन के मुख्य संरक्षक संजय खंडेलिया ने नवनियुक्त सदस्यों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह संगठनात्मक निर्णय न केवल पार्टी की मजबूत सांगठनिक नीति को दर्शाता है, बल्कि यह आगामी समय में बिहार में भाजपा को और अधिक सशक्त बनाएगा।
प्रदेश कार्यसमिति में अश्विनी सिंह, अश्विनी चौधरी, रवीश चंद्र, चंद्रमुखी देवी, अर्जुन शर्मा, सुनील कुमार, रामानुज चौधरी, वेद प्रकाश यादव और सलिल कुमार जैसे कर्मठ और समर्पित कार्यकर्ताओं को स्थान दिया गया है। इस पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए श्री खंडेलिया ने कहा कि “यह नियुक्तियाँ युवाओं, महिलाओं और अनुभवी कार्यकर्ताओं को एक साथ लेकर चलने की दिशा में भाजपा के नेतृत्व की दूरदृष्टि को दर्शाती हैं।”
उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष श्री दिलीप जायसवाल, उपमुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा तथा संगठन महामंत्री श्री भिखु भाई साहेब के प्रति विशेष आभार जताते हुए कहा कि इन वरिष्ठ नेताओं ने जिस समझदारी और संतुलन के साथ यह निर्णय लिया है, वह निश्चित रूप से पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगा।
श्री खंडेलिया ने उम्मीद जताई कि नवमनोनीत सदस्य अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे तथा संगठन के हित में निरंतर कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि यह विस्तार पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह और विश्वास का संचार करेगा और आगामी चुनावों में संगठन को मजबूती प्रदान करेगा।
— संवाददाता
TWM News, पटना