CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA ब्लॉक का प्रदर्शन, बैरिकेड पर चढ़े राहुल गांधी; प्रियंका गांधी हिरासत में

नई दिल्ली: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में INDIA ब्लॉक के सांसदों ने मंगलवार को दिल्ली में जोरदार प्रदर्शन किया। संसद से निर्वाचन आयोग के कार्यालय की ओर निकले विपक्षी सांसदों के मार्च को पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रोक दिया।

मार्च रोके जाने के बाद राहुल गांधी पुलिस बैरिकेड पर चढ़ गए और हाथ में तिरंगा लेकर उसे लहराया। उनके साथ टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी भी प्रदर्शन में नजर आए। राहुल गांधी ने इससे पहले विपक्षी नेताओं के साथ सड़क पर धरना भी दिया।

प्रियंका गांधी समेत कई नेता हिरासत में

मार्च के दौरान पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया। विपक्षी सांसद चुनाव आयोग के कार्यालय तक पहुंचकर CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करना चाहते थे। प्रदर्शन में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस, एनसीपी समेत करीब 19 विपक्षी दलों के नेता शामिल रहे।

विपक्षी दलों का आरोप है कि SIR के जरिए मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर बदलाव किए जा रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने SIR को वापस लेने और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।

भारी सुरक्षा के बीच प्रदर्शन

विपक्ष के मार्च को देखते हुए संसद और निर्वाचन आयोग कार्यालय के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई थी। पुलिस द्वारा मार्च रोके जाने के बाद विपक्षी सांसदों ने वहीं धरना दिया और सरकार तथा चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की।

राहुल गांधी के बैरिकेड पर चढ़ने और तिरंगा लहराने की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान विपक्ष ने CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *