चंडीगढ़
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लाडवा विधानसभा सीट से 16,054 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। उन्हें कुल 70,177 वोट मिले। चुनावी नतीजों के बाद मीडिया से बात करते हुए सैनी ने इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा की नीतियों को दिया।
सीएम सैनी ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में हरियाणा की जनता ने सरकार की नीतियों पर मुहर लगाई है। मैं मोदी जी का आभार व्यक्त करता हूं, जिनकी कृपा और मार्गदर्शन से हमें यह जीत मिली है।”
उन्होंने हरियाणा की जनता का भी धन्यवाद करते हुए कहा कि यह जीत भाजपा के वरिष्ठ नेतृत्व और कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का परिणाम है। सैनी ने कहा, “यह विजय हमें अपने वादों को निभाने और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की प्रेरणा देती है।”
चुनाव आयोग की वेबसाइट के अनुसार, भाजपा राज्य में 51 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस 34 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। कुल 90 सीटों में से इन नतीजों के साथ भाजपा का सत्ता में लौटना लगभग तय माना जा रहा है।