2025 तक सभी पंचायत भवनों के निर्माण का लक्ष्य
पटना
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को पंचायती राज विभाग की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। 1, अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ से मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से 7160 करोड़ रुपये की लागत से 2615 पंचायत सरकार भवनों का शिलान्यास किया। इसके साथ ही 65 पंचायत सरकार भवनों, 13 जिला पंचायत संसाधन केंद्रों और ई-ग्राम कचहरी कोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम का भी उद्घाटन किया गया।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि पंचायत सरकार भवन का निर्माण पंचायतों में प्रशासनिक और विकास कार्यों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक 6858 पंचायत सरकार भवन स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 1548 का निर्माण पूरा हो चुका है। शेष निर्माणाधीन हैं और 2025 तक सभी पंचायत भवनों का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा।
सोलर स्ट्रीट लाइट पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2021 से इस योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट लगाई जा रही है। मार्च 2025 तक 1175740 सोलर लाइट लगाने का लक्ष्य है, जिसमें से 3.75 लाख लाइटें लग चुकी हैं। उन्होंने पंचायती राज प्रतिनिधियों से अपील की कि वे पंचायत भवनों और सोलर लाइट परियोजनाओं को समय पर पूरा करने में सहयोग दें।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, पंचायती राज मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।