श्रद्धालुओं की सुविधा पर ₹14.88 करोड़ खर्च
सुल्तानगंज-बाबाधाम मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए असरगंज में तीर्थयात्रियों के लिए शेड और कैफेटेरिया का निर्माण जल्द ही शुरू होने जा रहा है। बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के तहत इस योजना के लिए ₹14.88 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। इस परियोजना के अंतर्गत कई महत्वपूर्ण सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा, जिसमें मुख्य भवन, कैफेटेरिया, पार्किंग, सोलर पावर जेनरेशन, थीमैटिक गेट और स्ट्रीट लाइटिंग शामिल हैं।
पर्यटन विभाग के मुताबिक, इस योजना का उद्देश्य बाबा धाम जाने वाले शिवभक्तों की यात्रा को सुगम और आरामदायक बनाना है। प्रत्येक वर्ष श्रावण मास के दौरान लाखों की संख्या में कांवड़िये और श्रद्धालु इस मार्ग से बाबा धाम के लिए यात्रा करते हैं, जिनके लिए सुरक्षित और आरामदायक आवास एवं भोजन की सुविधाओं की आवश्यकता को ध्यान में रखकर यह निर्णय लिया गया है।
पर्यटन मंत्री नीतीश मिश्रा ने बताया कि इस परियोजना के तहत असरगंज में तीर्थयात्रियों के लिए स्थायी ढांचे का निर्माण किया जाएगा, जो अगले 18 महीनों में पूरा होने की उम्मीद है। यह शेड और कैफेटेरिया श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाओं से लैस होगा, जिससे उनकी यात्रा में किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।
इस योजना के सफल कार्यान्वयन से सुल्तानगंज-बाबाधाम मार्ग पर यात्रा करने वाले कांवड़ियों और अन्य श्रद्धालुओं को एक बड़ी राहत मिलेगी।