राजद नेता ने  मिलकर रखी अपनी बात

जमालपुर

लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को ध्यान में रखते हुए जमालपुर की पैदल पुल को खोलने की माँग तेज हो गई है। इस संबंध में राजद बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष सह प्रमंडल प्रभारी राजेश रमण उर्फ राजू यादव ने मालदा मंडल के रेल प्रशासन से मुलाकात की। राजेश रमण ने डीआरएम मालदा से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन डीआरएम साहब एक उच्च स्तरीय बैठक में व्यस्त होने के कारण उपलब्ध नहीं हो सके। इसके बाद उन्होंने एडीआरएम से मुलाकात की और अपनी बात रखी।

राजेश रमण ने बताया कि जमालपुर के पूर्वी और पश्चिमी भागों को जोड़ने वाली यह पैदल पुल अंग्रेजों के जमाने से यहाँ के लोगों के लिए एकमात्र आसान और सुरक्षित रास्ता रही है। लेकिन कुछ समय पहले रेल प्रशासन द्वारा मरम्मत कार्य के लिए इसे बंद कर दिया गया, जिससे स्थानीय लोगों को आने-जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि छठ पूजा के मौके पर इस पुल को तत्काल खोला जाना चाहिए ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के घाट तक पहुँच सकें। खासकर, पश्चिमी हिस्से में रहने वाले छठ व्रतियों के लिए ईस्ट कॉलोनी नहर घाट तक पहुँचने का यह प्रमुख मार्ग है। साथ ही, दीपावली और धनतेरस के दौरान खरीदारी करने वाले लोग भी इस पुल का इस्तेमाल करते हैं।

एडीआरएम ने राजेश रमण की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और वरिष्ठ मंडल अभियंता-3 तथा सीनियर सेक्शन इंजीनियर ओम प्रकाश भगत को ज्वाइंट सर्वे करने का आदेश दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि धनतेरस से पहले इस पुल को खोलने की पूरी कोशिश की जाएगी ताकि छठ पूजा के अवसर पर लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *