मुंगेर

शहर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक दुकानदार को चश्मा दिखाने के बहाने एक युवक ने मोबाइल चोरी कर लिया। यह वारदात मुंगेर शहर के भगत ऑप्टिकल्स में हुई, जहां दुकान के काउंटर पर रखा मोबाइल युवक के हाथों गायब हो गया। चोरी की यह घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ-साफ कैद हो गई है।

जानकारी के मुताबिक, मुंह पर मास्क लगाए एक युवक चश्मा खरीदने के बहाने दुकान में दाखिल हुआ। उसने महिला दुकानदार को चश्मे के लिए बातों में उलझा दिया। जब महिला चश्मा लाने के लिए काउंटर से हटी, तभी युवक ने मौका पाकर काउंटर पर रखा मोबाइल उठा लिया। युवक ने चश्मे की कीमत पूछने के बाद मोलभाव करते हुए बिना चश्मा खरीदे ही वहां से निकल गया।

कुछ देर बाद जब महिला ने अपना मोबाइल खोजा, तो वह गायब था। इसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज को देखा गया, जिसमें युवक की हरकतें साफ दिखाई दीं। युवक ने बातचीत में महिला को उलझाए रखा और इसी दौरान मोबाइल चोरी कर लिया।

यह घटना सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है और युवक की तलाश में जुटी हुई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *