भाकपा ने मांगी 24 सीटें, महागठबंधन में सीट बंटवारे की शुरूआत तेजस्वी-डी. राजा बैठक से
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के साथ ही महागठबंधन के भीतर सीट बंटवारे की चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मंगलवार को भाकपा महासचिव डी. राजा ने राजद नेता तेजस्वी यादव से मुलाकात की और आगामी चुनाव में 24 सीटों पर दावेदारी पेश की। दोनों नेताओं के बीच हुई यह बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।
सूत्रों के अनुसार, भाकपा ने जिन सीटों की मांग की है, उनमें पिछली बार के मजबूत प्रदर्शन वाले इलाकों को प्राथमिकता दी गई है। बैठक में दोनों नेताओं ने महागठबंधन की एकजुटता बनाए रखने और भाजपा को हराने की रणनीति पर चर्चा की।
बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए डी. राजा ने कहा, “महागठबंधन पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगा। जनता बदलाव चाहती है और इस बार तेजस्वी यादव ही बिहार के अगले मुख्यमंत्री बनेंगे।”
उन्होंने साथ ही मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और हाल ही में मुख्य न्यायाधीश पर हुए हमले की घटना की भी कड़ी निंदा की।