तेज प्रताप यादव की नई घोषणा: जनता शक्ति जनता दल मैदान में उतरेगा, बिहार चुनाव में दिखेगा नया समीकरण

पटना। बिहार की सियासत में एक नया मोड़ तब आया जब आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने सोमवार को यह ऐलान किया कि उनकी पार्टी जनशक्ति जनता दल (JJD) आगामी विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी।

चुनाव आयोग द्वारा बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के तुरंत बाद तेज प्रताप ने कहा, “जनशक्ति जनता दल इस बार पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरेगा। उम्मीदवारों की सूची कल प्रेस कॉन्फ्रेंस में जारी की जाएगी।”

गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने सोमवार को घोषणा की कि बिहार की 243 विधानसभा सीटों पर मतदान दो चरणों में होगा — पहला चरण 6 नवंबर और दूसरा चरण 11 नवंबर को, जबकि मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी।

तेज प्रताप यादव ने आरजेडी से निष्कासन के बाद अपनी नई राजनीतिक पार्टी JJD की नींव रखी थी। सोशल मीडिया विवाद के बाद जब उन्हें पार्टी से छह साल के लिए बाहर कर दिया गया, तब उन्होंने इसे “साजिश” बताते हुए नया राजनीतिक मोर्चा खड़ा किया।

पिछले कुछ महीनों से तेज प्रताप राज्यभर में लगातार जनसभाएं और पदयात्राएं कर रहे हैं। वे अपने विरोधियों पर तीखे हमले बोलते हुए “जयचंद की राजनीति नहीं चलेगी” जैसे नारों से भीड़ को संबोधित करते हैं।

इस बीच, विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने भी चुनावी तारीखों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “बिहार को अब ऐसा मुख्यमंत्री चाहिए जो दहाड़े, न कि गिड़गिड़ाए। अब वक्त है जनता के हक और न्याय के लिए लड़ने वाले नेतृत्व का।”

तेजस्वी ने कहा कि 14 नवंबर बिहार के इतिहास में “स्वर्णिम तिथि” साबित होगी। उन्होंने दावा किया कि जनता 20 वर्षों के भ्रष्टाचार, अपराध और बेरोजगारी के खिलाफ बदलाव का मन बना चुकी है।

तेजस्वी यादव ने युवाओं को भरोसा दिलाया कि अगर महागठबंधन सत्ता में आता है तो रोजगार उनका पहला एजेंडा होगा। उन्होंने कहा, “जब मैं मुख्यमंत्री बनूंगा, तब बिहार के हर घर में रोजगार की रौशनी होगी। कोई युवा बेरोजगार नहीं रहेगा।”

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *