दरभंगा में विकास को नई रफ्तार: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 138 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास-उद्घाटन किया
दरभंगा।
बिहार की समग्र समृद्धि के लक्ष्य को लेकर चल रही ‘समृद्धि यात्रा’ के क्रम में माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने सोमवार को दरभंगा जिले में विभिन्न विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया और उनकी प्रगति की समीक्षा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुल 138 करोड़ रुपये की 90 योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इनमें 105 करोड़ रुपये की लागत से 50 योजनाओं का शिलान्यास तथा 33 करोड़ रुपये की लागत से 40 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है। मुख्यमंत्री ने दरभंगा हवाई अड्डा के समीप निर्माणाधीन सिविल एनक्लेव का भी निरीक्षण किया और लॉजिस्टिक पार्क एवं कार्गो हब के निर्माण हेतु चिन्हित भू-खंड का जायजा लिया।
इसके पश्चात आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जन-संवाद कार्यक्रम में भी भाग लिया और उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सरकार की विकासात्मक प्राथमिकताओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ हर क्षेत्र और हर वर्ग तक पहुंचे, जिससे बिहार समृद्धि के पथ पर निरंतर आगे बढ़े।