समृद्धि यात्रा के तहत मधुबनी में विकास का निरीक्षण, 391 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास-उद्घाटन
मधुबनी,
माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने बिहार की समग्र प्रगति के लक्ष्य से संचालित ‘समृद्धि यात्रा’ के क्रम में आज मधुबनी जिले का दौरा कर विभिन्न विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया और उनकी प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जिले में तेज़ी से हो रहे विकास कार्यों का जायज़ा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री द्वारा 298 करोड़ रुपये की लागत से जुड़ी 101 विकास योजनाओं का शिलान्यास तथा 93 करोड़ रुपये की लागत की 294 योजनाओं का उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही उन्होंने मिथिला हाट फेज-II (रिवर फ्रंट डेवलपमेंट) परियोजना का निरीक्षण किया। अररिया संग्राम क्षेत्र में पंचायत सरकार भवन एवं तालाब का अवलोकन किया गया, वहीं जीविका भवन का विधिवत लोकार्पण भी किया गया।
दौरे के दौरान आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परियोजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए।