गरीब मजदूर की बेटी की शादी में संजीवनी बनी रेड क्रॉस, पूरे शहर में सराहना
जमालपुर, प्रतिनिधि।
मोहनपुर स्थित खलासी मोहल्ला वार्ड संख्या 22 की तंग गलियों में रहने वाले बेघर, भूमिहीन मजदूर जमुना पासवान के घर इन दिनों खुशियों की तैयारी है। वर्षों से शहर में दिहाड़ी मजदूरी कर किसी तरह घर का चूल्हा जलाने वाले जमुना पासवान और चौका–बर्तन का काम कर परिवार चलाने वाली उनकी पत्नी सविता देवी की 20 वर्षीय बेटी अंजली कुमारी की शादी इस बार समाजिक सहयोग से संपन्न होगी।
अंजली के विवाह की तिथि तय होते ही सबसे बड़ी चिंता थी—शादी का खर्च। घर की माली हालत को देखते हुए सविता देवी की आंखों में चिंता साफ झलकने लगी। ऐसे में भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, जमालपुर शाखा ने सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए पहल की और शादी के लिए जरूरी सामान से लेकर नकद राशि तक की व्यवस्था कर दी।
रेड क्रॉस के संयोजक शिवलाल रजक और कोऑर्डिनेटर साईं शंकर ने परिवार को आश्वासन दिया कि अंजली की शादी पूरे सम्मान और धूमधाम से होगी। उन्होंने कहा कि किसी तरह की कमी महसूस नहीं होने दी जाएगी और शादी के दिन रेड क्रॉस के सदस्य भी परिवार के साथ रहेंगे।
इस अवसर पर राजेंद्र विश्वकर्मा, सरदार चंदन सिंह, सरदार मन्नी सिंह, अधिवक्ता रोहित खेतान, अनिकेत कुमार, सिद्धेश्वर नाथ विश्वकर्मा सहित कई सदस्य मौजूद रहे। मोहल्ले के लोग भी रेड क्रॉस की इस पहल से भावुक हो उठे और संगठन के प्रयास की सराहना की।
गरीबी और अभाव के बीच पली-बढ़ी अंजली की मुस्कान अब पूरे मोहल्ले में खुशी का कारण बन गई है। यह मदद न सिर्फ एक शादी के खर्च की व्यवस्था है, बल्कि समाज में उम्मीद और इंसानियत के जिंदा रहने की मिसाल भी है।