यात्रियों में मचा हड़कंप

मधुबनी

बिहार के मधुबनी जिले से एक बड़ी और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जयनगर से आनंद विहार जा रही गरीब रथ एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12435) शुक्रवार को एक बड़े हादसे का शिकार होते-होते बची। खजौली स्टेशन से रवाना होने के बाद ट्रेन का इंजन बोगियों से अलग हो गया और करीब एक किलोमीटर तक अकेला दौड़ता रहा।

घटना खजौली स्टेशन के पास रेलवे गुमटी संख्या 26 की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन खजौली स्टेशन से समयानुसार दोपहर 12:16 बजे निकली थी। कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद यात्रियों ने महसूस किया कि बोगियां बिना इंजन के चल रही हैं। इसके बाद यात्रियों में अफरातफरी मच गई और लोग चिल्लाने लगे। ट्रेन के लोको पायलट ने स्थिति को भांपते हुए इंजन को रोका और वापस लाकर बोगियों से जोड़ा।

इस दौरान करीब एक घंटे तक ट्रेन रुकी रही, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रेन अंततः दोपहर 1:30 बजे मधुबनी स्टेशन पहुंची। घटना के कारण पवन एक्सप्रेस सहित कई अन्य ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित हुआ।

रेलवे अधिकारियों ने इस गंभीर घटना पर तुरंत संज्ञान लिया है। समस्तीपुर और दरभंगा के लोको पायलट व रैक अधिकारियों को जांच के आदेश दिए गए हैं। प्रारंभिक जांच में तकनीकी गड़बड़ी का संकेत मिला है, लेकिन विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारणों का पता चलेगा।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *