“ब्रह्मोस की ताक़त देखनी हो तो पाकिस्तान से पूछिए”: सीएम योगी
लखनऊ में ब्रह्मोस परीक्षण केंद्र के उद्घाटन समारोह में बोले मुख्यमंत्री, कहा – आतंकवाद को उसी की भाषा में मिलेगा जवाब
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ में आयोजित ब्रह्मोस एयरोस्पेस इंटीग्रेशन एंड टेस्टिंग फैसिलिटी के उद्घाटन अवसर पर कहा कि अगर किसी ने अब तक ब्रह्मोस मिसाइल की ताक़त नहीं देखी है, तो वह पाकिस्तान से पूछ सकता है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान दुनिया ने भारत की सैन्य क्षमता की झलक देखी है और यह साफ़ संदेश दिया गया है कि आतंकवाद को अब भारत उसकी ही भाषा में जवाब देगा।
सीएम योगी ने कहा, “आतंकवाद प्रेम की भाषा नहीं समझता। इसका इलाज इसकी ही भाषा में करना पड़ता है। ऑपरेशन सिंदूर के ज़रिए भारत ने पूरी दुनिया को बता दिया है कि अब कोई भी आतंकी हरकत युद्ध मानी जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि आतंकवाद को जड़ से समाप्त करने के लिए हमें एकजुट होकर निर्णायक लड़ाई लड़नी होगी।”
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस अवसर पर वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन करते हुए कहा कि “मैं इस कार्यक्रम में स्वयं शामिल होना चाहता था, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए दिल्ली में मेरी उपस्थिति आवश्यक थी। इसलिए मैं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आप सभी से जुड़ा हूं।”
रक्षा मंत्री ने इस अवसर पर याद दिलाया कि 26 दिसंबर 2021 को उन्होंने डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन (DRDO) द्वारा स्थापित डिफेंस टेक्नोलॉजी एंड टेस्ट सेंटर और ब्रह्मोस मैन्युफैक्चरिंग सेंटर की आधारशिला रखी थी।
इस अवसर पर जानकारी दी गई कि लगभग 22 एकड़ में फैला डिफेंस टेक्नोलॉजी एंड टेस्ट सेंटर (DTTC) उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर (UP DIC) में रक्षा और एयरोस्पेस विनिर्माण को गति देगा। वहीं, 200 एकड़ क्षेत्र में फैला अत्याधुनिक ब्रह्मोस मैन्युफैक्चरिंग सेंटर ब्रह्मोस-एनजी (नेक्स्ट जेनरेशन) संस्करण का उत्पादन करेगा, जो ब्रह्मोस हथियार प्रणाली की अगली पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करता है।
सीएम योगी ने कहा, “ब्रह्मोस मिसाइल की शक्ति और भारतीय सेना की बहादुरी ने आज आतंकवाद के आकाओं को संदेश दे दिया है कि अब भारत चुप नहीं बैठेगा। पाकिस्तान के अंदर तक ऑपरेशन सिंदूर की गूंज सुनाई दी है। ये वही भारत है जो अब हर आतंकी हरकत पर जवाबी वार करेगा।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की सबसे शक्तिशाली राष्ट्रों की कतार में खड़ा हो चुका है और अब आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक नेतृत्व की भूमिका में है।