गोलघर की ऐतिहासिक धरोहर को संवारने के निर्देश
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गोलघर परिसर का किया निरीक्षण

पटना। माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज राजधानी पटना स्थित ऐतिहासिक गोलघर परिसर का भ्रमण कर वहां की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने गोलघर परिसर पार्क, गोलघर के संरचनात्मक स्वरूप, लाइट एंड साउंड शो तथा लेजर शो की व्यवस्था का अवलोकन किया।

भ्रमण के क्रम में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि गोलघर बिहार की ऐतिहासिक धरोहर है, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। ऐसे में गोलघर परिसर के सौंदर्यीकरण और नियमित रखरखाव को प्राथमिकता दी जाए, ताकि यह और अधिक आकर्षक एवं पर्यटकों के अनुकूल बन सके।

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2013 में प्रारंभ किए गए लाइट एंड साउंड तथा लेजर शो के नियमित संचालन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों से आमजन और पर्यटक गोलघर के इतिहास और महत्व से अवगत हो सकेंगे। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि गोलघर की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और वास्तुकला की जानकारी देने के लिए परिसर में डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएं।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि गोलघर वास्तुकला का एक अद्भुत नमूना है, इसलिए इसके स्ट्रक्चर के संरक्षण और रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इस ऐतिहासिक धरोहर को उसके मूल स्वरूप में देख सकें।

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

स्रोत : सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (IPRD), बिहार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *