हवेली खड़गपुर में दस्तावेज अपलोडिंग में लापरवाही पर डीएम सख्त, बीडीओ से मांगा स्पष्टीकरण
प्रत्येक बीएलओ को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण डेटा अपलोडिंग का निर्देश

मुंगेर। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2025 के अंतर्गत प्रखंड स्तर पर चल रहे दस्तावेज अपलोडिंग कार्यों में शिथिलता और अनियमितता पर जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पणीकार ने कड़ा रुख अपनाया है। गुरुवार को हवेली खड़गपुर, टेटिया बम्बर एवं बरियारपुर में एईआरओ तथा बीएलओ के साथ समीक्षा बैठक के बाद हवेली खड़गपुर बीडीओ से स्पष्ट रूप से जवाब-तलब किया गया है।

डीएम ने समीक्षा के क्रम में हवेली खड़गपुर एवं बरियारपुर में दस्तावेजों की अपलोडिंग की स्थिति पर असंतोष जताते हुए संबंधित एईआरओ और बीएलओ के खिलाफ स्पष्टीकरण की कार्रवाई का निर्देश जारी किया। उन्होंने कहा कि यह कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने सभी बीएलओ को निर्देश दिया कि वे उच्च गुणवत्ता के साथ सभी मतदाता संबंधित दस्तावेजों को निर्धारित समयसीमा में अपलोड करें। साथ ही, चेतावनी दी कि यदि कार्य में सुधार नहीं हुआ तो डंडात्मक या विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान डीएम ने हवेली खड़गपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने आगत-निर्गत पंजी, उपस्थिति पंजी की जांच की और अधिकारियों को समय पर कार्यालय में उपस्थित रहने का निर्देश दिया।

आरटीपीएस काउंटर की स्थिति की भी समीक्षा करते हुए उन्होंने वहां मौजूद कर्मियों से जनता के आवेदनों की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। एक आवेदक से फोन पर बात कर उनके आवेदन की प्रगति और प्रमाणपत्र प्राप्ति की स्थिति की जानकारी खुद ली।

डीएम ने चेतावनी दी कि भविष्य में निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए कर्मियों या कार्य में लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही सभी कर्मियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि जनता को समय पर सही प्रमाणपत्र प्राप्त हो और कोई भी आवेदन लंबित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *