हेडिंग्ले में भारत का जलवा: गिल और जायसवाल के शतक से मजबूत स्थिति में टीम इंडिया
पहले दिन का खेल समाप्त, स्कोर 359/3, शुभमन गिल 127 और पंत 65 रन बनाकर नाबाद**

हेडिंग्ले (इंग्लैंड),
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला के पहले मुकाबले के पहले दिन टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 359 रन पर तीन विकेट की ठोस स्थिति बना ली है। कप्तान शुभमन गिल (127 नाबाद) और यशस्वी जायसवाल (101) की दमदार पारियों ने भारतीय पारी को मजबूती दी। दिन का खेल समाप्त होने तक गिल के साथ ऋषभ पंत 65 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।

गिल की कप्तानी में शतक, इतिहास रच दिया

शुभमन गिल ने अपने पहले ही टेस्ट मैच में कप्तान के रूप में शतक जड़कर नया इतिहास रच दिया है। वे टेस्ट कप्तानी की शुरुआत में शतक लगाने वाले भारत के पांचवें बल्लेबाज़ बन गए हैं। गिल की पारी में परिपक्वता के साथ आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन देखने को मिला। उन्होंने इंग्लैंड के गेंदबाज़ों को खासा परेशान किया, खासकर वोक्स और कार्स पर लगातार प्रहार किया।

जायसवाल की संयमित लेकिन प्रभावी पारी

दूसरे छोर से यशस्वी जायसवाल ने एक बार फिर अपने क्लास का परिचय देते हुए 101 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने टेस्ट करियर का यह पाँचवाँ शतक लगाया। जायसवाल ने शुरुआत में काफी धैर्य दिखाया और फिर मौके के अनुसार आक्रामक शॉट खेले। उनकी पारी में बेहतरीन ड्राइव्स और पॉइंट के ऊपर से लगाए गए चौकों की झलक देखने को मिली।

खराब गेंदबाज़ी से जूझता रहा इंग्लैंड

इंग्लैंड की गेंदबाज़ी पहले दिन प्रभावहीन रही। वोक्स, टंग, और कार्स सही लाइन लेंथ से भटके हुए नजर आए। इंग्लैंड के सबसे अनुभवी गेंदबाज़ वोक्स ने 19 ओवर में 89 रन लुटा दिए, जबकि कप्तान बेन स्टोक्स ने दो विकेट जरूर लिए, लेकिन उन्हें भी रन देने से राहत नहीं मिली। डेब्यू कर रहे सई सुदर्शन बिना खाता खोले आउट हो गए।

पहले सत्र में धमाकेदार शुरुआत

सुबह भारतीय ओपनरों ने ठोस शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 91 रन जोड़े। केएल राहुल (42) ने कुछ शानदार ड्राइव्स के साथ आत्मविश्वास दिखाया लेकिन कार्स की गेंद पर रूट को कैच दे बैठे। इसके तुरंत बाद सई सुदर्शन चार गेंदों के अंदर ही स्टोक्स के शिकार हो गए।

स्कोरकार्ड (भारत – पहली पारी)

  • यशस्वी जायसवाल 101 (बोल्ड स्टोक्स)
  • केएल राहुल 42 (कैच रूट, बॉल कार्स)
  • बी साई सुदर्शन 0 (कैच स्मिथ, बॉल स्टोक्स)
  • शुभमन गिल 127*
  • ऋषभ पंत 65*
  • अतिरिक्त रन: 24 (बाई 1, लेगबाई 10, नो बॉल 7, पेनल्टी 5)
  • कुल स्कोर: 359/3 (85 ओवर में)

गिरे विकेट:
1-91 (राहुल), 2-92 (साई सुदर्शन), 3-221 (जायसवाल)

गेंदबाज़ी (इंग्लैंड):

  • क्रिस वोक्स 19-2-89-0
  • ब्राइडन कार्स 16-5-70-1
  • जोश टंग 16-0-75-0
  • बेन स्टोक्स 13-1-43-2
  • शोएब बशीर 21-4-66-0

अब नजरें दूसरे दिन की खेल पर

पहले दिन की समाप्ति पर भारत का पलड़ा पूरी तरह भारी है। गिल और पंत की मौजूदगी में भारत की नजर अब 500 के पार के स्कोर पर होगी। वहीं इंग्लैंड के गेंदबाज़ों को वापसी के लिए कोई करिश्मा करना होगा।

– विशेष संवाददाता, खेल डेस्क

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *