ऋषभ पंत ने रचा इतिहास, बने टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीय विकेटकीपर
सचिन और गावस्कर ने की पंत की जमकर तारीफ, गिरते हुए स्वीप शॉट ने लूटी महफिल

हेडिंग्ले (इंग्लैंड), 21 जून
टीम इंडिया के उपकप्तान और स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने एक और कीर्तिमान अपने नाम कर लिया है। इंग्लैंड के खिलाफ हेडिंग्ले में जारी टेस्ट सीरीज के पहले मैच में पंत ने शानदार शतक जड़ते हुए महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ते हुए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीय विकेटकीपर बन गए हैं।

शनिवार को भारत की पारी के 100वें ओवर की पहली ही गेंद पर पंत ने सिक्स लगाकर अपने शतक का जश्न मनाया। यह उनका सातवां टेस्ट शतक है और सितंबर 2024 के बाद पहला शतक है। धोनी के नाम जहां 90 टेस्ट में छह शतक दर्ज थे, वहीं पंत ने 44 टेस्ट में अब तक सात शतक और 15 अर्धशतक के साथ 3,000 रन पूरे कर लिए हैं। उनका औसत लगभग 44 का है, जबकि धोनी का टेस्ट औसत 38.09 था।

पूर्व विकेटकीपरों में रिद्धिमान साहा, सईद किरमानी और फारुख इंजीनियर ने दो-दो शतक लगाए हैं, जबकि नयन मोंगिया के नाम एक शतक दर्ज है।

पंत की तारीफ में बोले दिग्गज
महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने पंत की तकनीक की जमकर तारीफ करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, “ऋषभ का गिरते हुए खेले जाने वाला पैडल स्वीप कोई संयोग नहीं है, बल्कि यह उनकी चतुराई और तकनीकी समझ का प्रमाण है। वह जानबूझकर उस अंदाज में खेलते हैं जिससे गेंद को लेग स्लिप के ऊपर से निकालना आसान हो जाता है।”

वहीं कॉमेंट्री बॉक्स से क्रिकेट के लीजेंड सुनील गावस्कर ने पंत के शतक पूरा करते ही उत्साहित होकर कहा — “शानदार! शानदार! शानदार!”

ऋषभ पंत का यह प्रदर्शन न सिर्फ व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि भारतीय क्रिकेट को भविष्य में एक मजबूत स्तंभ मिलने का संकेत भी है। इंग्लैंड की धरती पर यह शतक उनकी मानसिक मजबूती और तकनीकी पकड़ का परिचायक है।

(रिपोर्ट: खेल संवाददाता)
प्रकाशन: TWM समाचार ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *