‘जंगलराज’ की याद आने वाले सौ साल तक रहेगी: पीएम मोदी का विपक्ष पर वार
बूथ स्तर पर युवाओं से की अपील – बुजुर्गों से सुनें बिहार के ‘जंगलराज’ के किस्से

पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को बिहार के भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विपक्ष पर तीखा प्रहार किया और कहा कि राज्य का “जंगलराज” आने वाले सौ साल तक भुलाया नहीं जा सकेगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष जितनी भी कोशिश कर ले, बिहार की जनता उस दौर की भयावहता और अराजकता को नहीं भूल पाएगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने “मेरा बूथ सबसे मज़बूत : युवा संवाद” कार्यक्रम के तहत वर्चुअल माध्यम से कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए युवाओं से अपील की कि वे हर बूथ पर युवाओं की टोली बनाएं और क्षेत्र के बुजुर्गों को बुलाकर उनसे ‘जंगलराज’ के दौर की कहानियाँ सुनें। उन्होंने कहा, “बिहार के युवाओं को यह जानना चाहिए कि उस समय कानून व्यवस्था कैसी थी और आम लोगों ने किन कठिनाइयों का सामना किया था।”

पीएम मोदी ने विपक्षी महागठबंधन पर कटाक्ष करते हुए उसे “लठबंधन” करार दिया और कहा कि इस गठबंधन में शामिल कई बड़े नेता आज जमानत पर बाहर हैं। उन्होंने कहा, “ये लोग बिहार को फिर उसी अंधेरे दौर में ले जाना चाहते हैं, लेकिन जनता अब जाग चुकी है।”

मोदी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने बिहार को ‘जंगलराज’ से निकालकर विकास की राह पर आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा, “आज बिहार में कानून का राज है, सड़कें बन रही हैं, अस्पतालों और स्कूलों का निर्माण हो रहा है, नई रेल परियोजनाएँ शुरू हुई हैं। यह सब स्थिर सरकार की देन है।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य दोनों स्तरों पर स्थिर सरकार होने से बिहार में तेज़ी से विकास संभव हुआ है। उन्होंने कहा, “जब शासन में स्थिरता होती है, तो विकास की रफ्तार कई गुना बढ़ जाती है। यही एनडीए सरकार की असली ताकत है।”

कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार का हर नौजवान अब आत्मविश्वास के साथ कह रहा है — “रफ़्तार पकड़ चुका बिहार, फिर से एनडीए सरकार।”

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *