सलमान खान ब्रांड एंबेसडर, सचिन और खली करेंगे प्रमोशन
खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया और इंटरनेशनल खो-खो फेडरेशन द्वारा आयोजित प्रथम खो-खो वर्ल्ड कप 2025 में मुंगेर जिले के जाने-माने खेल प्रमोटर और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हरिमोहन सिंह को मैनेजमेंट कमिटी का सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नियुक्त किया गया है। यह टूर्नामेंट 13 से 19 जनवरी तक नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित हो रहा है।
इस ऐतिहासिक आयोजन के ब्रांड एंबेसडर बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान हैं, जबकि इसके प्रचार-प्रसार में सचिन तेंदुलकर, हरभजन सिंह, ग्रेट खली, सोनू निगम, टाइगर श्रॉफ और सारा अली खान जैसे दिग्गज सितारे शामिल हैं। टूर्नामेंट का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स, डीडी स्पोर्ट्स और हॉटस्टार पर किया जा रहा है।
खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देना प्राथमिकता
खो-खो खेल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हरिमोहन सिंह का चयन देश के चुनिंदा खेल प्रमोटरों में से हुआ है। उन्होंने इस मौके पर खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष सुधांशु मित्तल और महासचिव एम. एस. त्यागी के साथ ही खो-खो एसोसिएशन ऑफ बिहार के महासचिव नीरज कुमार पप्पू का आभार व्यक्त किया।
मुंगेर का नाम किया रोशन
बरियारपुर प्रखंड के कल्याणपुर गांव निवासी हरिमोहन सिंह पिछले 12 वर्षों से निस्वार्थ भाव से खेलों के विकास में योगदान दे रहे हैं। उनकी प्रेरणा से मुंगेर के 50 से अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय, राज्य और प्रमंडलीय स्तर पर पदक जीत चुके हैं। इनमें दिव्यांग खिलाड़ियों ने पैरा एथलेटिक्स, क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल, स्विमिंग और ताइक्वांडो जैसे खेलों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
सम्मान और शुभकामनाएं
हरिमोहन सिंह को उनकी उपलब्धि के लिए बिहार सरकार और विभिन्न खेल संघों से शुभकामनाएं मिल रही हैं। उन्हें पूर्व में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और खेलमंत्री के हाथों सम्मानित भी किया जा चुका है।
इस उपलब्धि पर मुंगेर खो-खो संघ, योगासना स्पोर्ट्स एसोसिएशन, कराटे एसोसिएशन, हैंडबॉल एसोसिएशन, जनकल्याण शिव शक्ति फाउंडेशन सहित कई संस्थाओं ने अपनी खुशी व्यक्त की है।