बैंक डकैती, गुमशुदा हथियार और सस्पेंस से भरी वेब सीरीज ‘लूट कांड’
पैसों की तंगी इंसान को किस हद तक ले जा सकती है, इसी पर आधारित है नई वेब सीरीज ‘लूट कांड’, जो 20 मार्च 2025 को Amazon MX Player पर रिलीज होने जा रही है। इस सीरीज में अपराध, रहस्य और थ्रिल का ऐसा तड़का है, जो दर्शकों को शुरुआत से अंत तक बांधे रखेगा।
कहानी में छिपा रोमांच और रहस्य
कहानी पश्चिम बंगाल के एक शांत शहर से शुरू होती है, जहां लतिका और पलाश नाम के भाई-बहन पैसों की तंगी से जूझ रहे हैं। उनके पिता पर बैंक से कैश लेकर भागने का आरोप लगाया गया था, लेकिन हकीकत यह थी कि हादसे में उनकी मौत हो गई थी। इसके बावजूद, उन्हें डिफॉल्टर करार दे दिया गया। परिवार की बदहाली के बीच लतिका और पलाश को बैंक से कर्ज नहीं मिल पाता, जिससे उनकी मुश्किलें और बढ़ जाती हैं।
तंगहाल स्थिति से निकलने के लिए वे अपराध की दुनिया में कदम रखते हैं। एक साथी के साथ मिलकर दोनों बैंक डकैती की साजिश रचते हैं। लेकिन हालात तब बिगड़ने लगते हैं, जब इसमें एक खतरनाक गैंगस्टर और पुलिस की एंट्री हो जाती है। इस दौरान उन्हें बरसों पहले गायब हुए हथियारों का एक जखीरा भी हाथ लगता है, जिससे कहानी में नया मोड़ आ जाता है।
फ्री में स्ट्रीम होगी सीरीज
‘लूट कांड’ में तान्या मानिकतला, साहिल मेहता और ज्ञानेंद्र त्रिपाठी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसका निर्देशन रुचिर अरुण ने किया है। खास बात यह है कि यह सीरीज Amazon MX Player पर मुफ्त में स्ट्रीम की जाएगी, यानी दर्शकों को इसे देखने के लिए किसी तरह के सब्सक्रिप्शन की जरूरत नहीं होगी।
अगर आप थ्रिल, क्राइम और सस्पेंस से भरपूर सीरीज के शौकीन हैं, तो ‘लूट कांड’ आपको जरूर पसंद आएगी।