नई दिल्ली
भारतीय सिनेमा के महानायक मिथुन चक्रवर्ती को इस वर्ष के दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। यह घोषणा केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया मंच ‘X’ पर की। 8 अक्टूबर, 2024 को 70वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में यह प्रतिष्ठित सम्मान चक्रवर्ती को प्रदान किया जाएगा।
अश्विनी वैष्णव ने कहा, “मिथुन दा की अद्वितीय फिल्मी यात्रा पीढ़ियों को प्रेरित करती है। दादासाहेब फाल्के चयन समिति ने सर्वसम्मति से उन्हें भारतीय सिनेमा में उनके बहुमूल्य योगदान के लिए सम्मानित करने का निर्णय लिया है।”
74 वर्षीय मिथुन चक्रवर्ती ने 1976 में मृणाल सेन की फिल्म “मृगया” से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी, जिसमें उन्होंने सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीता था। अपने करियर में उन्होंने “सुरक्षा”, “डिस्को डांसर”, “डांस डांस”, “कसम पैदा करने वाले की”, और “कमांडो” जैसी अनेक सुपरहिट फिल्मों में शानदार अभिनय किया है।
मिथुन चक्रवर्ती का सिनेमा में योगदान न केवल उनके अभिनय के लिए बल्कि उनकी डांसिंग स्टाइल और करिश्माई व्यक्तित्व के लिए भी यादगार रहेगा।