MPL के खिलाफ माले का अनिश्चितकालीन गेट जाम, 12 सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन तेज
धनबाद। निरसा में MPL प्रबंधन और भाकपा-माले के बीच विवाद एक बार फिर बढ़ गया है। 12 सूत्री मांगों को लेकर माले ने सोमवार से अनिश्चितकालीन गेट जाम शुरू कर दिया। निरसा विधायक अरूप चटर्जी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में माले कार्यकर्ता MPL के मुख्य गेट पर पहुंचे और कंपनी के गेट पर पार्टी का झंडा लगाकर परिचालन रोक दिया।
माले कार्यकर्ताओं ने इस दौरान जमकर नारेबाजी की। पार्टी का कहना है कि इससे पहले भी मांगों को लेकर आंदोलन किया गया था। उस दौरान करीब 16 घंटे तक गेट जाम रहने के बाद प्रबंधन की ओर से मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था, जिसके बाद आंदोलन स्थगित कर दिया गया था।
हालांकि, विधायक अरूप चटर्जी का आरोप है कि आश्वासन के बावजूद मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी के बाद माले ने इस बार आंदोलन को अनिश्चितकाल तक जारी रखने का फैसला किया है।
विधायक ने स्पष्ट किया कि जब तक 12 सूत्री मांगों पर ठोस पहल नहीं होती, तब तक गेट जाम जारी रहेगा। आंदोलन के कारण MPL का परिचालन प्रभावित होने की बात सामने आई है।
फिलहाल MPL प्रबंधन और माले के बीच गतिरोध बना हुआ है। अब देखना होगा कि प्रबंधन और आंदोलनकारी पक्ष के बीच बातचीत से कोई समाधान निकलता है या आंदोलन आगे भी जारी रहता है।