मुंगेर में अवैध विदेशी शराब का जखीरा बरामद, थोक कारोबारी गिरफ्तार
छोटे शराब तस्करों को करता था सप्लाई, उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई
मुंगेर। शराबबंदी के बावजूद बिहार में अवैध शराब कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी कड़ी में मुंगेर जिला के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चुरम्बा गांव में उत्पाद विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त की गई है। साथ ही एक कुख्यात शराब कारोबारी को गिरफ्तार किया गया है, जो जिले में शराब तस्करी का बड़ा नेटवर्क संचालित करता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि चुरम्बा गांव में अवैध रूप से शराब का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर उत्पाद थाना अध्यक्ष आशुतोष कुमार के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी कर मोहम्मद नसीम उर्फ लल्लू नामक शराब कारोबारी को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने उसके घर के बरामदे से 189.210 लीटर विदेशी शराब और 72 लीटर बीयर बरामद की है। बरामद शराब में 144 बीयर केन और 747 टेट्रा पैक शामिल हैं, जो विभिन्न ब्रांड्स के हैं। जब्त माल की मात्रा और उसकी पैकिंग को देखकर स्पष्ट है कि आरोपी इलाके में थोक आपूर्ति का नेटवर्क चला रहा था।

छोटे तस्करों को करता था सप्लाई
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार नसीम जिले के कई छोटे-छोटे अवैध शराब कारोबारियों को माल सप्लाई करता था। उसकी गिरफ्तारी से जिले में सक्रिय तस्करी के कई तार खुलने की संभावना जताई जा रही है।
उत्पाद अधिनियम के तहत उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उत्पाद थाना अध्यक्ष ने बताया कि इस तरह की छापेमारी आगे भी जारी रहेगी और किसी भी हाल में शराब माफियाओं को बख्शा नहीं जाएगा।
प्रशासन की सख्त चेतावनी
जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और उत्पाद विभाग की टीमें लगातार जिले में सक्रिय हैं और अवैध धंधों पर नजर रखे हुए हैं।
इस कार्रवाई से प्रशासन को एक बड़ी सफलता मिली है और जिले में चल रहे शराब तस्करी के नेटवर्क पर तगड़ा झटका माना जा रहा है।