मुंगेर में रोजगार को नए पंख: 21 अभ्यर्थी जॉब कैंप में हुए शॉर्टलिस्ट

मुंगेर, 15 जुलाई – जिले के युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से श्रम संसाधन विभाग, बिहार के तत्वावधान में जिला नियोजनालय, मुंगेर द्वारा एक दिवसीय जॉब कैंप का आयोजन किया गया। इस आयोजन में बिहार सहित अन्य राज्यों की प्रतिष्ठित निजी कंपनियों की सहभागिता रही।

जॉब कैंप में Aamdhane Pvt. Ltd. के प्रतिनिधि एवं HR मैनेजर श्री देवेश पाण्डेय की उपस्थिति में कुल 50 पदों के विरुद्ध साक्षात्कार आयोजित किए गए, जिसमें से 21 अभ्यर्थियों का चयन स्थल पर ही किया गया। प्रमुख कंपनियों जैसे Dixon, MRF, Mahindra आदि में रोजगार के अवसरों, कार्य स्थलों, वेतन और अन्य लाभों से संबंधित जानकारी भी उपस्थित युवाओं को दी गई।

कुल 26 अभ्यर्थियों ने इस कैंप में भाग लिया। इस अवसर पर यंग प्रोफेशनल श्री उज्ज्वल सिंह भंडारी ने युवाओं को रोजगार एवं करियर संबंधी दिशा-निर्देश देते हुए बताया कि जिला नियोजनालय प्रत्येक माह इस प्रकार के जॉब कैंप का आयोजन करता है, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।

श्री भंडारी ने यह भी जानकारी दी कि नियोजनालय द्वारा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए पुस्तकालय की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध है, जिसका लाभ जिले के इच्छुक अभ्यर्थी उठा सकते हैं।

कैंप में उपस्थित जिला कौशल प्रबंधक श्री कन्हैया केशरी ने बिहार स्किल डेवलपमेंट मिशन (BSDM) द्वारा संचालित विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि पटना में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय रोजगार मेलों में भी युवाओं के लिए सुनहरे अवसर उपलब्ध हैं।

इस आयोजन ने जिले के बेरोजगार युवाओं में रोजगार के प्रति जागरूकता और उत्साह का संचार किया, जिससे यह उम्मीद की जा रही है कि आने वाले समय में अधिक संख्या में युवा इस तरह के कार्यक्रमों का लाभ उठाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *