Picture Credit – Munger Police X Handle.

खड़गपुर थाना क्षेत्र के फासियाबाद गांव में पुलिस पर हमले के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया

मुंगेर। जिले के खड़गपुर थाना क्षेत्र के फासियाबाद गांव में पुलिस दल पर हुए हमले के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। इस घटना में शामिल 28 नामजद आरोपियों में से 24 को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की थी।

गांव में भीड़ तंत्र का दुस्साहस, पुलिस पर किया पथराव

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना तब हुई जब ग्रामीणों ने छिनतई के आरोप में दो संदिग्धों को पकड़कर पंचायत भवन में बंधक बना लिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को भीड़ के चंगुल से छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने पुलिस की बात मानने से इनकार कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए खड़गपुर डीएसपी अनिल कुमार के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और समझाइश के बाद दोनों आरोपियों को पुलिस के हवाले किया गया।

जैसे ही पुलिस आरोपियों को लेकर वापस लौटने लगी, भीड़ में शामिल कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। इस अप्रत्याशित हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालात को देखते हुए पुलिस ने संयम बरता और आरोपियों को सुरक्षित थाना पहुंचाया।

मुंगेर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 24 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस पर हमले की गंभीरता को देखते हुए मुंगेर एसपी सैय्यद इमरान मसूद ने इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर 28 लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

रविवार देर रात पुलिस ने अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर 24 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं। बाकी फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस पर हमले बर्दाश्त नहीं होंगे: एसपी मुंगेर

एसपी सैय्यद इमरान मसूद ने स्पष्ट किया कि पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी सूरत में कानून को हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे कानून का सम्मान करें और किसी भी स्थिति में भीड़ तंत्र का हिस्सा न बनें।

इस कार्रवाई से यह स्पष्ट हो गया है कि मुंगेर पुलिस अब अपने जवानों पर होने वाले हमलों को हल्के में नहीं लेगी और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों पर कड़ी कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *