हार्वर्ड यूनिवर्सिटी की प्रो. नमिता कुमारी ने सरकार को भेजा प्रस्ताव

जमालपुर। मुंगेर विश्वविद्यालय का कैंपस लौह नगरी जमालपुर में बने, इसे लेकर अब अमेरिका से भी आवाज उठने लगी है। हार्वर्ड यूनिवर्सिटी, वॉशिंगटन डीसी के कॉलेज ऑफ मेडिसिन एंड माइक्रोबायोलॉजी विभाग में रिसर्च एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. नमिता कुमारी ने विश्वविद्यालय प्रशासन और बिहार सरकार को इस संबंध में ईमेल कर प्रस्ताव भेजा है। उन्होंने जमालपुर के केशोपुर मौजा में भूमि चयन कर विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन और कैंपस निर्माण की सिफारिश की है।

डॉ. नमिता ने बिहार के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, शिक्षा सचिव, मुंगेर सांसद, जमालपुर विधायक, जिला अधिकारी और कुलपति को ईमेल कर जमालपुर को कैंपस के लिए उपयुक्त स्थान बताया है। इस संबंध में मुंगेर विश्वविद्यालय जमालपुर निर्माण संघर्ष समिति के संयोजक सह विधायक प्रतिनिधि साईं शंकर ने बताया कि डॉ. नमिता ने जमालपुर विधायक डॉ. अजय सिंह को भी ईमेल भेजकर कैंपस निर्माण की अपील की है।

जमालपुर की बेटी का अंतरराष्ट्रीय समर्थन
डॉ. नमिता कुमारी मूल रूप से जमालपुर की रहने वाली हैं। वह केंद्रीय विद्यालय जमालपुर की पूर्व छात्रा रही हैं और उनके पिता कर्नल परमानंद जमालपुर रेल कारखाने में अधिकारी थे। जमालपुर से पढ़ाई के बाद उन्होंने महाराजा सयाजीराव विश्वविद्यालय, बड़ौदा और दिल्ली विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त की। वर्तमान में वह हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं।

कनेक्टिविटी और सुरक्षा को बनाया आधार
प्रस्ताव में डॉ. नमिता ने जमालपुर को रणनीतिक रूप से आदर्श स्थान बताते हुए यहां की बेहतर रेल कनेक्टिविटी, ऐतिहासिक विरासत और औद्योगिक पहचान को विश्वविद्यालय के लिए लाभकारी बताया है। उन्होंने तमिलनाडु की अन्नामलाई यूनिवर्सिटी, गुजरात की महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी और अमेरिका की विलानोवा यूनिवर्सिटी का उदाहरण देते हुए बताया कि रेलवे स्टेशन के पास कैंपस होने से छात्रों और शिक्षकों को आवागमन में सहूलियत मिलती है।

उन्होंने अमेरिका के लारेडो मॉर्निंग टाइम्स समाचार पत्र की केस स्टडी का हवाला देते हुए कहा कि टेक्सास स्थित ए एंड एम इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी ने बेहतर कनेक्टिविटी के कारण स्थानीय अर्थव्यवस्था में करोड़ों डॉलर का योगदान दिया है। डॉ. नमिता ने उम्मीद जताई कि जमालपुर का औद्योगिक और सांस्कृतिक महत्व विश्वविद्यालय से जुड़े कार्यक्रमों और अनुसंधानों को नई दिशा देगा।

कैंपस निर्माण को लेकर तेज हो रही मांग
बीते कुछ दिनों से जमालपुर में विश्वविद्यालय कैंपस निर्माण को लेकर विभिन्न सामाजिक, व्यावसायिक और छात्र संगठन लगातार मांग कर रहे हैं। स्थानीय लोग भी जमालपुर में विश्वविद्यालय बनने को क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास के लिए आवश्यक मान रहे हैं। अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो रहे समर्थन से इस मांग को और बल मिल गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *