एबीवीपी ने चलाया हस्ताक्षर अभियान
जमालपुर, प्रतिनिधि

जमालपुर में मुंगेर विश्वविद्यालय की स्थापना को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने शुक्रवार को हस्ताक्षर अभियान चलाया। नगर मंत्री अंकित मंडल के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, छात्र-छात्राएं, युवा और बुजुर्गों ने भाग लिया और विश्वविद्यालय की स्थापना के समर्थन में हस्ताक्षर किए।

अभियान की शुरुआत अवंतिका रोड स्थित एचडीएफसी बैंक के सामने हुई, जहां सुबह से दोपहर तक लोगों ने अपनी सहमति दर्ज कराई। इसके बाद दोपहर से शाम तक बाराट चौक पर अभियान जारी रहा। लोगों ने हस्ताक्षर कर विश्वविद्यालय की स्थापना का समर्थन करते हुए इसे पूरे क्षेत्र के छात्रों के लिए फायदेमंद बताया।

रेलवे सुविधा से छात्रों को होगा लाभ
स्थानीय लोगों का मानना है कि विश्वविद्यालय की स्थापना जमालपुर रेलवे स्टेशन के निकट होनी चाहिए, जिससे दूर-दराज से आने वाले छात्र-छात्राओं को यात्रा में सहूलियत मिलेगी। लोगों ने कहा कि जमालपुर शहर की भौगोलिक स्थिति भी इसके लिए उपयुक्त है, क्योंकि यहां बाढ़ का खतरा नहीं रहता और यह सड़क व रेल मार्ग से बेहतर रूप से जुड़ा है।

विकास से वंचित रहा जमालपुर
अभियान में शामिल नागरिकों ने बताया कि आजादी के बाद से जमालपुर को सरकार की ओर से कोई विशेष सौगात नहीं मिली है। जनप्रतिनिधि सिर्फ चुनाव के दौरान वोट मांगने आते हैं, लेकिन विकास कार्यों में जमालपुर की अनदेखी की जाती है। नगर सहमंत्री अनुराग पासवान ने कहा कि विश्वविद्यालय की स्थापना से न सिर्फ स्थानीय छात्र बल्कि देश-विदेश से आने वाले विद्यार्थी और प्रोफेसर भी लाभान्वित होंगे।

आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
एबीवीपी नेताओं ने कहा कि जब तक सरकार विश्वविद्यालय स्थापना को लेकर अंतिम निर्णय नहीं लेती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। अभियान में राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य बिक्की आनंद, सुभाष मंडल, विकास कुमार, शिवम् कुमार, कुणाल, आदित्य कुमार, आलोक, अमन कुमार, अनिमेष चौरसिया, मितेश सिंह, शिवम मस्कारा, अंकित शंघाई, अतुल मिश्रा और रवीश सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *