निविदा प्रक्रिया पूरी

क्षेत्रवासियों में खुशी, आवागमन होगा सुगम

खगड़िया। वर्षों से लंबित खगड़िया जिले में अलौली गढ़ घाट बागमती नदी और खगड़िया शहर स्थित बुढ़ी गंडक नदी पर पुल निर्माण का सपना अब साकार होने जा रहा है। इस बहुप्रतीक्षित परियोजना की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जिससे क्षेत्रवासियों में हर्ष की लहर है। पुल निर्माण की कुल लागत 12,052.10 करोड़ रुपये आंकी गई है, जिसमें बुढ़ी गंडक नदी पर बनने वाले पुल की लागत 7253.42 करोड़ रुपये और बागमती नदी पर बनने वाले पुल की लागत 4798.68 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है।

इस ऐतिहासिक परियोजना को लेकर   भाजपा जिला कार्यालय, खगड़िया में जिला अध्यक्ष शत्रुघन भगत की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित हुई। बैठक में श्री भगत ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एनडीए सरकार ने जो वादा किया था, उसे पूरा कर दिखाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रगति यात्रा के दौरान 16 जनवरी को खगड़िया में पुलों और मेडिकल कॉलेज सहित अन्य योजनाओं की घोषणा की गई थी। अब पुल निर्माण की दिशा में निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जिससे यह परियोजना साकार होती दिख रही है।

भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि पुल निर्माण से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और खगड़िया बाजार में जाम की समस्या से भी राहत मिलेगी। पुल बनने के बाद लोगों को यात्रा में लगने वाला समय कम होगा और विकास की गति तेज होगी।

बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, जिला महामंत्री डॉ. इंदु भूषण कुशवाहा, जिला उपाध्यक्ष प्रमोद शाह, जितेंद्र यादव, आलोक विद्यार्थी, राजेश सिंह, लक्ष्मी देवी, जिला मंत्री मधु देवी, जिला प्रवक्ता ई. धर्मेंद्र यादव, जिला मीडिया प्रभारी मनीष कुमार राय, प्रो. डॉ. मिथिलेश कुमार, देवानंद स्वामी सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए पुल निर्माण को क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर बताया।

 

रिपोर्ट: निहाल देव दत्ता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *