नीतीश पर नहीं रहा अमित शाह का भरोसा : तेजस्वी यादव का बड़ा हमला
सदन में बोले नेता प्रतिपक्ष, कहा – अगर विश्वास है तो अमित शाह करें घोषणा, 2030 तक कुर्सी पर रहेंगे नीतीश?
पटना। बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान गुरुवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जोरदार हमला बोलते हुए दावा किया कि अब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को नीतीश कुमार पर भरोसा नहीं रह गया है। उन्होंने सदन में चल रही कटौती प्रस्ताव की बहस के दौरान यह बात कही।
तेजस्वी ने कहा कि “अमित शाह भले ही कहते फिर रहे हैं कि अगला विधानसभा चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा, लेकिन असलियत यह है कि बीजेपी अब खुद असमंजस में है। वक़्त बताएगा कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा।”
तेजस्वी यादव ने गृह मंत्री से मांग की कि यदि उन्हें वास्तव में अब भी नीतीश कुमार पर विश्वास है तो वे स्पष्ट घोषणा करें कि 2030 तक नीतीश ही बिहार के मुख्यमंत्री बने रहेंगे। “अगर साहस है, तो अमित शाह आगामी सीतामढ़ी दौरे के दौरान यह ऐलान करें,” तेजस्वी ने चुनौती भरे लहजे में कहा।
उल्लेखनीय है कि अगस्त में अमित शाह के सीतामढ़ी दौरे का कार्यक्रम तय है, जहां वे माता सीता के मंदिर की आधारशिला रखने वाले हैं। इस दौरे को लेकर सियासी हलकों में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
तेजस्वी ने नीतीश कुमार की सरकार को 20 साल पुरानी जर्जर गाड़ी करार दिया और कहा, “यह सरकार अब थक चुकी है, चलने लायक नहीं रही। जनता अब बदलाव चाहती है। एनडीए गठबंधन का बिहार में अब कोई भविष्य नहीं है।”
नेता प्रतिपक्ष की इस टिप्पणी से सदन में हलचल मच गई और सत्ता पक्ष की ओर से विरोध भी हुआ, लेकिन तेजस्वी ने अपने तेवर बरकरार रखते हुए स्पष्ट किया कि “यह समय सवाल पूछने का है, और जनता जानना चाहती है कि अगला चेहरा कौन होगा।”
(TWM News ब्यूरो रिपोर्ट)