पानी और पौधों से मिली राहत: पीरपैंती स्टेशन पर मालदा मंडल की दोहरी सौगात
गर्मी से जूझते यात्रियों के लिए शीतल जल वितरण, साथ ही पर्यावरण संरक्षण हेतु वृक्षारोपण

मालदा, 2 मई। यात्रियों की सुविधा और पर्यावरण संरक्षण को लेकर पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने पीरपैंती रेलवे स्टेशन पर एक सराहनीय पहल करते हुए समाज सेवा और हरियाली का अनूठा संदेश दिया।

प्लेटफार्म संख्या दो पर शुक्रवार को 13429 मालदा–आनंद विहार टर्मिनल साप्ताहिक एक्सप्रेस के यात्रियों के बीच नि:शुल्क ठंडे पेयजल का वितरण किया गया। यह पहल मालदा मंडल ने संजीवनी गंगा संस्था के सहयोग से की। बढ़ती गर्मी में यात्रियों को राहत देने के इस प्रयास की जमकर सराहना हो रही है।

कार्यक्रम की अगुवाई स्टेशन अधीक्षक अजय कुमार ने की। उनके साथ रेलवे अधिकारी और एनजीओ के स्वयंसेवक भी मौजूद रहे। यात्रियों को पेयजल वितरण के दौरान स्वच्छता और सेवा भाव का विशेष ध्यान रखा गया।

मालदा मंडल ने केवल यात्रियों की सुविधा तक ही अपनी जिम्मेदारी सीमित नहीं रखी, बल्कि पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी दर्शाई। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित हो रहे पीरपैंती स्टेशन परिसर में 11 छायादार वृक्षों का रोपण किया गया। वृक्षारोपण में भाग लेने वाले सदस्यों ने पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लिया, जिससे आने वाले समय में स्टेशन परिसर अधिक हरा-भरा और पर्यावरण के अनुकूल बन सकेगा।

रेल मंडल की यह दोहरी पहल – जल सेवा और हरियाली – न सिर्फ यात्रियों को राहत पहुंचाने वाली है, बल्कि सामाजिक और प्राकृतिक सरोकारों से भी जुड़ी हुई है। मालदा मंडल ने जानकारी दी कि आने वाले समय में अन्य स्टेशनों पर भी इसी तरह की जनहितकारी गतिविधियों को लगातार जारी रखा जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *