पाकिस्तान को आतंकवाद का प्रायोजन बंद करना होगा, नहीं तो नक्शे से मिटेगा नाम : सेना प्रमुख
अनूपगढ़ (राजस्थान)। भारतीय थल सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ने पाकिस्तान को कड़ा संदेश देते हुए शुक्रवार को कहा कि यदि पाकिस्तान ने आतंकवाद को बढ़ावा देना बंद नहीं किया, तो आने वाले समय में उसे विश्व मानचित्र से गायब होने की स्थिति का सामना करना पड़ेगा।
राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ में सैनिकों को संबोधित करते हुए सेना प्रमुख ने स्पष्ट किया कि भारत अब पहले जैसा संयम नहीं बरतेगा। उन्होंने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हमने संयम दिखाया, लेकिन भविष्य में अगर हालात बिगड़ते हैं तो इस बार भारत एक कदम आगे बढ़कर ऐसा जवाब देगा कि पाकिस्तान को सोचना पड़ेगा कि वह विश्व नक्शे पर रहना चाहता है या नहीं।”
जनरल द्विवेदी ने सैनिकों को सतर्क करते हुए कहा, “तैयार रहिए, ईश्वर ने चाहा तो वह अवसर जल्द ही आएगा।”
आतंकवाद पर कठोर चेतावनी
सेना प्रमुख ने कहा कि भारत ने दुनिया के सामने पाकिस्तान की सरजमीं पर आतंकवादी ठिकानों के सबूत प्रस्तुत किए हैं। “अगर हमने ये साक्ष्य उजागर न किए होते तो पाकिस्तान इन्हें छिपा देता। अब दुनिया जान चुकी है कि वह आतंकियों को पनाह देता है।”
उन्होंने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना ने पाकिस्तानी क्षेत्र में मौजूद 9 आतंकवादी ठिकानों को ध्वस्त किया था। “हमारे निशाने पर केवल आतंकी थे, आम पाकिस्तानी नागरिकों से हमारी कोई दुश्मनी नहीं है। समस्या सिर्फ तब है जब उनका देश आतंकियों का समर्थन करता है।”
नागरिकों को बताया ‘सीमा के सैनिक’
सैनिकों और सीमावर्ती जनता के संबंध पर बोलते हुए सेना प्रमुख ने कहा, “हम सीमा पर रहने वाले लोगों को साधारण नागरिक नहीं मानते, वे हमारे साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। यह आने वाला संघर्ष केवल सेना का नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र का संघर्ष है।”
इतिहास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 1965 और 1971 के युद्धों में भी आम नागरिकों ने सैनिकों का हौसला बढ़ाया था। “आज भी हम उसी जज्बे की उम्मीद करते हैं। मैं उनका आभार व्यक्त करता हूं, उनका उत्साह हमारे सैनिकों का मनोबल और ऊंचा करता है।”