पटना में रंग, संगीत और अभिनय की बहार
— रेनबो, रोहतास एवं रनार्ट फाउंडेशन की संयुक्त समर आर्ट वर्कशॉप में बच्चे सीख रहे हैं कला की विविध विधाएं
पटना। राजधानी पटना में इन दिनों गर्मी की छुट्टियों को रचनात्मक रंग देने के उद्देश्य से रेनबो, रोहतास एवं रनार्ट फाउंडेशन नाट्य संस्था की ओर से 21 जुलाई से एक 20 दिवसीय समर आर्ट वर्कशॉप का आयोजन किया गया है। यह कार्यशाला आगामी 10 अगस्त को रंगारंग प्रस्तुतियों और सम्मान समारोह के साथ संपन्न होगी।
इस विशेष कार्यशाला में बच्चों को अभिनय, लोकनृत्य, संगीत और चित्रकला की गहन प्रशिक्षण दिया जा रहा है। राजधानी के अलग-अलग क्षेत्रों से आए दर्जनों बच्चों की उपस्थिति ने इस कार्यशाला को जीवंत बना दिया है।
कार्यशाला में मध्यप्रदेश नाट्य विद्यालय से प्रशिक्षित रंगकर्मी राजकपूर अभिनय की बारीकियों को सिखा रहे हैं। वहीं निशा कुमारी बच्चों को पारंपरिक लोकनृत्य की शैलियों से परिचित करा रही हैं। सुधीर कुमार चित्रकला के माध्यम से बच्चों की कल्पनाशक्ति को रंगों में ढाल रहे हैं, और अजीत कुमार व रणधीर कुमार संगीत के माध्यम से सुर-ताल की समझ को गहराई दे रहे हैं।

प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रतिभागियों में श्रेया राज, रिया कुमारी, पंकज कुमार, ईशा कुमारी सोनी, जिया कुमारी, अर्चना कुमारी, अंबुज कुमारी, अनीशा कुमारी, वैष्णवी कुमारी, कोमल कुमारी, शिवम कुमार, गैरव कुमार, पल्लवी कुमारी, सुप्रिया कुमारी, मनिषा सोनी, संजना सिन्हा, प्रिंस कुमार, बिकेश शाह, रवि कुमार गौतम, संजय एवं ऋषिकेश जैसे बच्चे शामिल हैं, जो पूरी लगन और उत्साह के साथ इन कलाओं में खुद को तराश रहे हैं।

अजीत कुमार ने बताया कि “यह कार्यशाला केवल कला सिखाने भर तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ रचनात्मक सोच और अभिव्यक्ति का मंच देना भी है। बच्चों में कला के प्रति जागरूकता और रुचि का विकास भविष्य में उन्हें एक संतुलित व्यक्तित्व बनाने में सहायक होगा।”
वर्कशॉप के अंतिम दिन सभी प्रतिभागी एक मंचीय नाटक के साथ नृत्य, संगीत और चित्रकला की झलकियाँ प्रस्तुत करेंगे। सभी को सहभागिता प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
— संवाददाता, पटना