पवई में बड़ा हादसा टला : मुंबई पुलिस ने स्टूडियो में बंधक बनाए गए 20 बच्चों को सकुशल बचाया
मुंबई, गुरुवार। मुंबई के पवई इलाके में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक स्थानीय स्टूडियो में 15 से 20 बच्चों को बंधक बना लिया गया। यह घटना दिनदहाड़े आर.ए. स्टूडियो में हुई, जहां नियमित रूप से एक्टिंग क्लासेस और ऑडिशन का आयोजन होता है। सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस ने तत्काल एक बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस के अनुसार, इस घटना के पीछे स्टूडियो में कार्यरत एक युवक रोहित का नाम सामने आया है, जो वहां पिछले कुछ दिनों से ऑडिशन आयोजित कर रहा था। गुरुवार सुबह करीब 100 बच्चे ऑडिशन के लिए स्टूडियो पहुंचे थे, जिनमें से रोहित ने लगभग 80 बच्चों को जाने दिया और बाकी 15 से 20 बच्चों को पहली मंजिल पर रोक लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बच्चे खिड़कियों से झांकते हुए घबराए हुए दिखाई दे रहे थे। जैसे ही घटना की खबर फैली, पुलिस ने इलाके को घेर लिया और विशेषज्ञ वार्ताकारों की टीम ने रोहित से संपर्क साधने की कोशिश शुरू की। इस दौरान उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर कुछ लोगों से बात करने की मांग रखी, हालांकि उसका उद्देश्य अब तक स्पष्ट नहीं हुआ है।
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बच्चों को तुरंत उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया, जो मौके पर बेचैनी से इंतजार कर रहे थे। पुलिस ने आरोपी रोहित को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि उसने अकेले ही यह कदम उठाया और किसी बड़ी साजिश के संकेत नहीं मिले हैं।
मुंबई पुलिस ने कहा कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। रोहित की पृष्ठभूमि, स्टूडियो में उसकी गतिविधियों और वीडियो में किए गए दावों की सच्चाई की जांच की जा रही है। साथ ही, स्टूडियो परिसर के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि पूरी घटनाक्रम की सटीक तस्वीर सामने आ सके।
इस घटना ने इलाके में दहशत और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। कई अभिभावक अब स्थानीय एक्टिंग क्लासेस और स्टूडियो में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
मुंबई पुलिस ने आश्वासन दिया है कि शहर के सभी एक्टिंग वर्कशॉप्स और स्टूडियो में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा ताकि भविष्य में इस तरह की कोई अप्रिय घटना न हो।
सभी बच्चों का चिकित्सीय परीक्षण किया गया है और वे पूरी तरह सुरक्षित हैं। पुलिस ने अपनी टीम और रेस्क्यू कर्मियों की तत्परता की सराहना की, जिनकी सूझबूझ और तेज कार्रवाई से एक बड़ी त्रासदी टल गई।